दक्षिण भारत में हिंदी प्रचार-प्रसार के अग्रदूत : दक्षिण भारतीय हिंदी शिक्षकों का योगदान
भारत की सांस्कृतिक और भाषायी संरचना विश्व में अद्वितीय
है। यहाँ सैकड़ों भाषाएँ और बोलियाँ, विविध
साहित्यिक परंपराएँ,
तथा अनगिनत सांस्कृतिक रूपायन एक साथ विद्यमान हैं। भारतीय
संविधान के अनुच्छेद 343
के अनुसार हिंदी को देवनागरी लिपि में संघ की राजभाषा का
दर्जा प्राप्त है,
जबकि अष्टम अनुसूची में अन्य 21 भाषाओं को समान रूप से संवैधानिक मान्यता दी गई है। यह
संवैधानिक व्यवस्था न केवल भाषायी विविधता के संरक्षण का प्रमाण है, बल्कि राष्ट्रीय एकता के संवर्धन का भी आधार है। हिंदी, अपने व्यापक प्रयोग और लचीलेपन के कारण, उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर, पश्चिम और दक्षिण भारत तक एक संपर्क-भाषा (Link Language) के रूप में विकसित हुई है।
दक्षिण भारत में हिंदी का प्रवेश और उसका प्रचार-प्रसार कोई
हाल का घटनाक्रम नहीं है। इसके सूत्र आदिकाल तक पहुँचते हैं, जब संत कवियों और महापुरुषों ने हिंदी या हिंदी-संबंधी
अपभ्रंश भाषाओं में रचनाएँ करके सांस्कृतिक संवाद स्थापित किया। उदाहरणार्थ, संत कबीर, तुलसी,गुरु
नानक, मीरा बाई जैसे उत्तर भारतीय संत कवियों की रचनाएँ दक्षिण
भारत तक पहुँचीं और वहीं की भाषाओं में अनूदित होकर जनमानस में लोकप्रिय हुईं।
मध्यकाल में महाराष्ट्र,
आंध्र, तमिलनाडु और कर्नाटक के अनेक संतों ने
हिंदी या ब्रजभाषा के पदों का प्रयोग कर भक्ति-आंदोलन की अखिल भारतीय एकता को
सुदृढ़ किया। इस प्रकार हिंदी साहित्य का प्रभाव केवल उत्तर
भारत तक सीमित नहीं रहा,
बल्कि दक्षिण भारतीय समाज की सांस्कृतिक चेतना में भी
स्थायी स्थान बनाया।
आधुनिक काल में, विशेषकर
उन्नीसवीं सदी के उत्तरार्ध और बीसवीं सदी के पूर्वार्ध में, हिंदी प्रचार का कार्य अधिक संगठित रूप से प्रारंभ हुआ।
दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा (मद्रास), जिसे
महात्मा गांधी ने 1918
में स्थापित करने में विशेष भूमिका निभाई, दक्षिण में हिंदी शिक्षण के संस्थानीकरण की दिशा में मील का
पत्थर सिद्ध हुई। इस संस्था के माध्यम से हजारों शिक्षकों, प्राध्यापकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विद्यालयों, महाविद्यालयों और जनजागरण आंदोलनों में हिंदी को
प्रोत्साहित किया।
यद्यपि स्वतंत्रता-उपरांत काल में हिंदी को लेकर दक्षिण
भारत में भाषायी पहचान और क्षेत्रीय स्वाभिमान के कारण समय-समय पर विरोध और तनाव
के स्वर उभरे विशेषतः 1965
के राजभाषा आंदोलन के दौरान तथापि यह भी सत्य है कि शिक्षा, साहित्य, मीडिया, फिल्म, पर्यटन और व्यापार के क्षेत्रों में हिंदी का प्रयोग निरंतर
बढ़ता रहा। इस वृद्धि में दक्षिण भारतीय हिंदी शिक्षकों की भूमिका सर्वाधिक
महत्त्वपूर्ण रही है। उन्होंने न केवल भाषा-शिक्षण की परंपरा को विकसित किया, बल्कि अपनी मौलिक रचनाओं, अनुवादों, पाठ्यक्रम-निर्माण, शोध-निर्देशन
और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से हिंदी को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुँचाया।
वर्तमान युग में, जब
डिजिटल मीडिया, ऑनलाइन शिक्षा और अंतर-राज्यीय संवाद की महत्ता बढ़ गई है, दक्षिण भारतीय शिक्षकों का योगदान केवल औपचारिक शिक्षण तक
सीमित नहीं है। वे ई-कंटेंट निर्माण, राष्ट्रीय
सेमिनारों, अंतरविश्वविद्यालयी संगोष्ठियों और बहुभाषी सांस्कृतिक
आयोजनों के माध्यम से हिंदी को एक जीवंत और समकालीन भाषा के रूप में प्रस्तुत कर
रहे हैं। इस प्रकार,
आदिकालीन संतों से लेकर वर्तमान समय के प्राध्यापकों तक की
यह परंपरा हिंदी के सांस्कृतिक और भाषायी क्षितिज को समृद्ध करती रही है।
दक्षिण भारत में हिंदी
प्रचार की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
दक्षिण भारत में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार का क्रम किसी
आकस्मिक या सीमित अवधि का परिणाम नहीं, बल्कि एक
दीर्घकालिक सामाजिक-सांस्कृतिक प्रक्रिया का अंग है। यद्यपि हिंदी के साहित्यिक और
सांस्कृतिक सूत्र मध्यकाल में ही भक्ति आंदोलन के माध्यम से दक्षिण भारत तक पहुँच
चुके थे, परंतु व्यवस्थित रूप से हिंदी शिक्षण और प्रचार-प्रसार का
संगठित स्वरूप औपनिवेशिक काल में उभरकर सामने आया।
उन्नीसवीं शताब्दी के उत्तरार्ध और बीसवीं शताब्दी के
प्रारंभ में, जब भारत में राष्ट्रीय चेतना का पुनर्जागरण हो रहा था, हिंदी को अखिल भारतीय संचार की भाषा के रूप में स्थापित
करने की दिशा में अनेक सामाजिक और राजनीतिक प्रयास हुए। दक्षिण भारत में यह विचार
विशेष रूप से महात्मा गांधी, राजगोपालाचारी (राजाजी), काका कालेलकर, पी.
सुंदरैया जैसे नेताओं के माध्यम से व्यापक हुआ। महात्मा गांधी ने हिंदी को “भारतीय
जनमानस की संपर्क भाषा” मानते हुए, इसे
दक्षिण के प्रांतों में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु 1918 में मद्रास (वर्तमान चेन्नई) में दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा की स्थापना हुई, जो आगे
चलकर हिंदी शिक्षण,
परीक्षाओं और प्रकाशन कार्य का प्रमुख केंद्र बनी। यह
संस्था न केवल हिंदी को दक्षिण भारत के विद्यालयों और महाविद्यालयों के पाठ्यक्रम
में स्थान दिलाने में सफल रही, बल्कि इसने स्थानीय शिक्षकों को
प्रशिक्षित कर एक मजबूत मानव संसाधन भी तैयार किया।
हिंदी प्रचार की यह प्रक्रिया केवल राजनीतिक या संस्थागत
प्रयासों तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसे एक सामाजिक आंदोलन का स्वरूप प्राप्त
हुआ। इसमें विशेष योगदान दक्षिण भारतीय हिंदी प्रेमी शिक्षकों का रहा, जिन्होंने न केवल अपने अध्यापन के माध्यम से, बल्कि सांस्कृतिक आयोजनों, नाट्य
मंचन, कवि सम्मेलनों, और
साहित्यिक गोष्ठियों द्वारा भी हिंदी के प्रति जनजागरण फैलाया।
औपनिवेशिक काल के अंतिम चरण में और स्वतंत्रता संग्राम के
दौरान, दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों जैसे मद्रास, बैंगलोर, मैसूर, तिरुवनंतपुरम
और हैदराबाद, गुलबर्गा, धारवाड़ में हिंदी शिक्षण केंद्रों की स्थापना हुई, जिनके संचालन में स्थानीय शिक्षक अग्रणी भूमिका निभा रहे
थे। इन शिक्षकों ने हिंदी को केवल एक भाषा के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता के प्रतीक के
रूप में प्रस्तुत किया।
शैक्षणिक संस्थानों में
दक्षिण भारतीय शिक्षकों की भूमिका
दक्षिण भारत के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों
और विद्यालयों में हिंदी विषय के अध्यापन में स्थानीय शिक्षकों ने अत्यंत
महत्त्वपूर्ण और ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। अनेक दक्षिण भारतीय विद्वानों ने हिंदी
में स्नातकोत्तर एवं शोध स्तर की शिक्षा प्राप्त कर स्वयं को हिंदी साहित्य, भाषा-विज्ञान, व्याकरण
तथा अनुवाद-अध्ययन के उन्नयन हेतु समर्पित किया। इन शिक्षकों ने न केवल हिंदी को
एक भाषा के रूप में लोकप्रिय बनाया, बल्कि इसे एक सशक्त सांस्कृतिक और बौद्धिक माध्यम के रूप
में स्थापित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी में शोध, सृजनात्मक
लेखन और आलोचनात्मक अध्ययन के लिए प्रेरित किया, जिससे
दक्षिण भारत में हिंदी अध्ययन की शैक्षणिक परंपरा सुदृढ़ हुई।
संस्थागत स्तर पर दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा,मद्रास, उस्मानिया
विश्वविद्यालय,हैदराबाद, कर्नाटक विश्वविद्यालय, मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय उर्दू
विश्वविद्यालय,हैदराबाद, हैदराबाद विश्वविद्यालय, मैसूर
विश्वविद्यालय, बैंगलोर विश्वविद्यालय, अन्नामलाई
विश्वविद्यालय, पांडिचेरी विश्वविद्यालय, खाजा
बंदानवाज विश्वविद्यालय, गुलबर्गा तथा वी.जी. वीमेंस कॉलेज ,गुलबर्गा जैसे
संस्थानों ने हिंदी के पाठ्यक्रम, अनुसंधान और प्रशिक्षण में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इसके
साथ ही बैंगलोर स्थित प्रमुख निजी विश्वविद्यालयक्राइस्ट (डीम्ड-टू-बी)
यूनिवर्सिटी, जैन (डीम्ड-टू-बी) यूनिवर्सिटी, अज़ीम
प्रेमजी यूनिवर्सिटी और गार्डन सिटी यूनिवर्सिटी ने भी हिंदी भाषा के
अध्ययन-अध्यापन में सक्रिय भूमिका निभाई है। इन संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों ने
कक्षा शिक्षण के साथ-साथ सेमिनार, कार्यशालाएँ, साहित्यिक गोष्ठियाँ और शोध-परियोजनाओं के माध्यम से
विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि और आत्मविश्वास जगाया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के लागू
होने के बाद हिंदी भाषा के अध्ययन-अध्यापन के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध हुए हैं।
त्रिभाषा सूत्र, कौशल-आधारित भाषा शिक्षा और अंतर्विषयक दृष्टिकोण के
अंतर्गत हिंदी को एक महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय भाषा के रूप में बढ़ावा मिला है।
दक्षिण भारतीय शिक्षकों ने इस नीति के अनुरूप नवीन शैक्षणिक पद्धतियाँ अपनाई हैं, जिनमें
डिजिटल माध्यम से शिक्षण, बहुभाषी संसाधनों का उपयोग तथा अंतरराष्ट्रीय हिंदी अध्ययन
की दिशा में सार्थक पहल शामिल है।
राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में, परिस्थितियाँ
कभी-कभी चुनौतीपूर्ण भी रही हैं। विशेषकर जब दक्षिण भारत में विपक्षी राजनीतिक दल
सत्ता में होते हैं, तब कुछ राज्य विश्वविद्यालयों में हिंदी शिक्षण पर
अप्रत्यक्ष दबाव और भाषा-नीति से संबंधित प्रशासनिक जटिलताएँ देखी गई हैं। इसके
बावजूद, हिंदी के प्रति समर्पित शिक्षकों ने अपनी शैक्षणिक
प्रतिबद्धता, सांस्कृतिक दृष्टि और भाषा-प्रेम के माध्यम से इस भाषाई और
सांस्कृतिक सेतु को मजबूती से बनाए रखा है।
सामाजिक और सांस्कृतिक समरसता के संवाहक
दक्षिण भारतीय शिक्षकों ने हिंदी को केवल शैक्षिक विषय के
रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक-सांस्कृतिक संवाद और सामुदायिक समरसता का
सक्रिय माध्यम बनाकर प्रस्तुत किया है। उनके ये योगदान बहुस्तरीय रहे हैं जैसाकि
पाठ्यपुस्तकीय शिक्षण से परे जाकर वस्तुगत कार्यक्रमों, लोक-परंपरागत संवादों, अनुवाद
और बहुभाषिक संयुक्त पहलों तक विस्तृत हैं जिनका प्रभाव क्षेत्रीय सामुदायिक जीवन, शैक्षणिक संस्कृति और अंतरभाषिक समझ पर स्पष्ट रूप से देखा
जा सकता है।
1.शिक्षण-संस्थानों द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम
(हिंदी दिवस, हिंदी-सप्ताह, कवि
सम्मेलन, नाट्य-प्रस्तुति, कहानी-पाठ, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएँ) ने विद्यार्थियों और स्थानीय
समाज को हिंदी से भाविक और व्यवहारिक रूप से जोड़ने का कार्य किया। इन आयोजनों में
शिक्षकों की भूमिका न केवल आयोजक की रही, बल्कि वे
मार्गदर्शक, समस्या-समाधानकर्ता और प्रेरक के रूप में सक्रिय रहे हैं,
उन्होंने स्थानीय विषयों को हिंदी माध्यम में प्रस्तुत करने के अवसर दिए, स्थानीय लोककथाओं और रीति-रिवाजों का हिंदी अनुवाद कर
सामुदायिक स्मृति को संग्रहित किया तथा बहुभाषिक मंचों पर पारस्परिक संवाद सक्षम
किया।
2.नाट्य और साहित्यिक सक्रियता ने भाषा-जानकारी को सजीव कर
दिया। शिक्षक-निर्देशित नाट्य समूहों ने स्थानीय विषयों पर हिंदी नाट्य मंचन कर
भाषा के भावनात्मक और सामाजिक पक्ष को उजागर किया; कवि-सम्मेलनों
व कहानी-पाठ ने भाषा-रुचि को बढ़ाया तथा साहित्यिक कार्यशालाओं ने रचनात्मक लेखन
हेतु मंच उपलब्ध कराया। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास तथा सांस्कृतिक सहानुभूति विकसित हुई है।
परिणामतः हिंदी का स्वीकार्य स्वरूप भीतर से बाह्य समाज तक विस्तृत हुआ।
3. अनुवाद और तुलनात्मक साहित्य पर शिक्षकों का कार्य
सांस्कृतिक सेतु बनाने में निर्णायक रहा है। दक्षिण भारतीय भाषाओं के प्रमुख
ग्रंथों का हिंदी में अनुवाद तथा हिंदी साहित्य का द्राविड़ भाषाओं में अनुवाद
सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ाते हैं। शिक्षकों द्वारा निर्देशित अनुवाद
परियोजनाएँ, द्विभाषिक पाठ्यपुस्तकें और शब्दकोश-उपरियोजनाएँ भाषायी
अवरोध घटाकर ज्ञान-सामूहिकता को बढ़ाती हैं और शोध के लिए समृद्ध स्रोत उपलब्ध
कराती हैं।
4. सामुदायिक सहभागिता और आउटरीच गतिविधियाँ जैसे ग्राम स्तर पर हिंदी कक्षाएँ, स्वयंसेवी शिक्षण शिविर, रेडियो/स्थानीय
टीवी कार्यक्रमों में भाषण-सत्र, तथा डिजिटल माध्यमों (यूट्यूब चैनल, पॉडकास्ट, वेबिनार) द्वारा प्रकाशित
शिक्षण-सामग्री ने हिंदी को शहरी अकादमी से निकाल कर ग्राम-नगर के संवाद में
स्थापित किया। विशेषकर बहुभाषिक एवं अल्पसंख्यक पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों के लिए
ऐसे कार्यक्रम सहज प्रवेशद्वार बने, जिससे
सामाजिक समावेशिता को बल मिला।
NEP-2020 के अनुप्रयोग के संदर्भ में शिक्षकों ने सांस्कृतिक
गतिविधियों को पाठ्यक्रम के साथ जोड़कर परियोजना-आधारित शिक्षण, अंतर्विषयक कार्य और अनुभवात्मक शिक्षण के माध्यम से
भाषा-अधिगम को व्यवहारिक बनाया गया। इस नीति के बहुभाषिक सिद्धांतों ने शिक्षकों
को स्थानीय सामग्री,
अनुवाद तथा क्षेत्रीय-सांस्कृतिक विषयों को पाठ्य में
समाहित करने हेतु वैधता प्रदान की, जिससे
भाषा-संवर्धन और सांस्कृतिक आत्म-सम्मान दोनों को प्रोत्साहन मिला।
फिर भी, इस प्रयत्न में चुनौतियाँ भी रही है
भाषाई मामलों का राजनीतिककरण, संसाधन-अभाव, अनुवाद एवं प्रकाशन के लिए वित्तीय सीमाएँ, शिक्षकों पर प्रशासनिक भार और कभी-कभी शैक्षणिक कार्यभार के
कारण सामुदायिक गतिविधियों के लिए सीमित समय। कुछ प्रदेशों में भाषा-नीति संबंधी
संवेदनशीलताओं के चलते सार्वजनिक कार्यक्रमों को स्वीकृति प्राप्त करने में देरी
या व्यवधान का सामना भी करना पड़ा। इन बाधाओं के बावजूद, शिक्षकों की समर्पित पहल ने अक्सर पारस्परिक समझ और सामाजिक
जुड़ाव को बनाए रखा।
अंततः दक्षिण भारतीय
शिक्षकों द्वारा संचालित सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम न केवल भाषा-ज्ञान
बढ़ाने में सहायक रहे,
बल्कि उन्होंने उत्तर-दक्षिण भाषिक दूरी को घटाकर एक
व्यावहारिक भाषा-सेतु का निर्माण किया। सुझाव के रूप में, इन पहलों को दीर्घकालिक प्रभावशीलता देने हेतु संस्थागत
पूँजी, अनुदान आधारित अनुवाद परियोजनाएँ, डिजिटल आर्काइविंग, शिक्षक-प्रशिक्षण
कार्यशालाएँ तथा नीति-स्तर पर NEP-2020 के अनुरूप वित्तीय व
प्रशासनिक सहयोग आवश्यक है तभी यह सांस्कृतिक समरसता के संवाहक और अधिक प्रभावी
एवं सतत बनकर रहेंगे।
प्रेरणास्पद शिक्षकों के उदाहरण
प्रो. एस. वी. एस. नारायण राजू तमिलनाडु की अकादमिक और
सांस्कृतिक जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने हिंदी भाषा को केवल एक संचार
माध्यम के रूप में नहीं, बल्कि एक जीवंत अनुभव एवं
सांस्कृतिक सेतु के रूप में प्रस्तुत किया है। उनकी बहुभाषिक दक्षता हिंदी,
तमिल, तेलुगु एवं अंग्रेज़ी में समान रूप से
निहित है। शिक्षण एवं शोध में उन्होंने स्थानीय सांस्कृतिक तत्वों को हिंदी भाषा
के माध्यम से इस प्रकार आत्मसात कराया कि तमिल और तेलुगु लोककथाएँ, ऐतिहासिक गाथाएँ एवं सामाजिक मुद्दे विद्यार्थियों एवं साहित्य प्रेमियों
के लिए न केवल सहजगम्य बने, बल्कि भारतीय संस्कृति की
समग्रता और गहनता को भी सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।
शोध और मार्गदर्शन के क्षेत्र में
प्रो. नारायण राजू की भूमिका प्रेरणादायक रही है। उनके निर्देशन में लगभग 94 शोधार्थियों ने M.Phil.
और Ph.D. की डिग्रियाँ प्राप्त की हैं। कोविड-19
के दौरान उन्होंने शिक्षा के डिजिटल रूपांतरण को तीव्रता से अपनाया
और यूट्यूब पर लगभग 1,200 शैक्षणिक वीडियो उपलब्ध कराए,
जिनमें भारतीय ज्ञानपरंपरा, रामचरितमानस,सूरदास,बिहारी, कबीर,घनानंद, कामायनी तथा समकालीन साहित्य के विविध पहलुओं
पर गहन व्याख्यान सम्मिलित हैं। इन वीडियो न केवल विद्यार्थियों के लिए अध्ययन
सामग्री का अमूल्य स्रोत प्रदान किया, बल्कि हिंदी शिक्षा को
वैश्विक स्तर पर सुलभ बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
राष्ट्रीय स्तर पर वे अनेक
पाठ्यक्रम-निर्माण समितियों के सक्रिय सदस्य रहे हैं तथा विभिन्न संस्थानों में पद
पर सेवाएँ प्रदान कर चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उनका योगदान उल्लेखनीय है, जब भारत सरकार ने
उन्हें विज़िटिंग प्रोफेसर के रूप में बुल्गारिया भेजा, वहाँ
उन्होंने हिंदी भाषा और संस्कृति के प्रसार में अपना बखूबी योगदान दिया।
वर्तमान में प्रो. नारायण राजू
तमिलनाडु केंद्रीय विश्वविद्यालय में हिंदी विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।
उनका व्यक्तित्व परंपरा और आधुनिकता, क्षेत्रीयता और वैश्विकता तथा भाषा और
संस्कृति के मध्य एक सेतु का प्रतीक है। उनके कार्यों ने दक्षिण भारत ही नहीं,
बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हिंदी भाषा की प्रतिष्ठा को सुदृढ़
किया है। उनका जीवन और कार्य यह प्रमाणित करता है कि जब दृष्टि व्यापक और उद्देश्य
स्पष्ट हो, तो भाषा सीमाओं को पार कर, लोगों
के हृदयों को जोड़ने का माध्यम बन सकती है।
प्रोफेसर ऋषभदेव शर्मा हिंदी साहित्य के क्षेत्र में
प्रतिष्ठित विद्वान,
कवि, लेखक, समीक्षक और
संपादक हैं, जिनका योगदान दक्षिण भारत में हिंदी भाषा के
प्रचार-प्रसार तथा शिक्षण में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। वे दक्षिण भारत हिंदी
प्रचार सभा से जुड़े रहे और वहाँ से सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हुए। वर्तमान में वे
मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय हैदराबाद में मार्गदर्शक एवं
परामर्शदाता के रूप में सक्रिय हैं। उनकी शैक्षणिक यात्रा हिंदी साहित्य, भाषा-शास्त्र, आलोचना तथा अनुवाद के क्षेत्र में गहन
शोध और प्रभावशाली शिक्षण से युक्त है।
प्रो. शर्मा की रचनात्मकता कविताओं, आलोचनात्मक लेखों,
संपादन कार्यों तथा भाषाविज्ञान के अध्ययन तक फैली हुई है। उन्होंने
हिंदी साहित्य के अध्ययन को केवल शैक्षणिक सन्दर्भ तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे सामाजिक-सांस्कृतिक विमर्श से जोड़ते हुए आधुनिक संदर्भों में
भी प्रभावी बनाया। उनका मानना है कि भाषा और साहित्य सामाजिक परिवर्तन और
सांस्कृतिक समरसता के संवाहक हैं। इसी दृष्टिकोण के कारण वे तुलनात्मक साहित्य,
भाषाई सांस्कृतिक अध्ययन और अनुवाद कार्यों में भी सक्रिय रहे हैं।
वे अनेक राष्ट्रीय एवं
अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों,
कार्यशालाओं और शोध परियोजनाओं में प्रमुख भूमिका निभा चुके हैं।
साहित्यिक संपादन के क्षेत्र में भी उन्होंने हिंदी साहित्य की समृद्धि के लिए कई
महत्वपूर्ण पत्रिकाओं और विशेषांकों का संपादन किया है, जिससे
हिंदी साहित्य की नयी दिशाओं को मजबूती मिली। उनकी संपादकीय योग्यता और आलोचनात्मक
दृष्टि ने हिंदी साहित्य में नवाचार और शोध को प्रोत्साहित किया।
डिजिटल युग के आगमन के साथ, प्रो. शर्मा ने
हिंदी साहित्य को नवाचार की ओर ले जाने का कार्य भी किया है। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने हिंदी साहित्य के विभिन्न विषयों पर शैक्षणिक
ई-कंटेंट तैयार किया, जिससे देश-विदेश के विद्यार्थी और
शोधार्थी लाभान्वित हुए। वे हिंदी साहित्य के कवि, कहानीकार,
आलोचक और प्रमुख साहित्यिक आंदोलनों की व्यापक व्याख्या डिजिटल
माध्यमों के जरिए उपलब्ध कराते हैं, जो शैक्षणिक एवं सामाजिक
दृष्टि से अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं।
उनके मार्गदर्शन में अनेक
शोधार्थियों ने सफलतापूर्वक लघु शोध एवं पीएच.डी. उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने
हिंदी और दक्षिण भारतीय भाषाओं के बीच बहुभाषिक संवाद को सशक्त किया है, जिससे क्षेत्रीय
एवं राष्ट्रीय स्तर पर भाषाई एकता और सांस्कृतिक समरसता को बल मिला है।
प्रोफेसर सी. जयशंकर बाबू, पांडिचेरी विश्वविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष, समकालीन हिंदी अध्यापन, तुलनात्मक साहित्य, भाषिक-सांस्कृतिक विमर्श एवं अनुवाद अध्ययन के क्षेत्र में
विशिष्ट पहचान रखते हैं। उन्होंने दक्षिण भारतीय भाषाओं में विशेषतः तमिल और
तेलुगु के साथ हिंदी के अंतर्संबंधों पर केंद्रित शोध-परंपरा को न केवल सुदृढ़
किया, बल्कि बहुभाषिक संदर्भ में साहित्य
की नई व्याख्याओं को भी अकादमिक विमर्श में स्थापित किया। उनके मार्गदर्शन में
शोधार्थियों ने बहुभाषी साहित्यिक संवाद,
अनुवाद के विविध आयाम तथा
भाषा-प्रौद्योगिकी के प्रयोग पर महत्त्वपूर्ण शोधकार्य संपन्न किया है। उन्होंने
यूजीसी की ‘स्वयं’ (SWAYAM) योजना के अंतर्गत भाषा-प्रौद्योगिकी का परिचय तथा अन्य रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम विकसित कर हिंदी के ई-कंटेंट को समृद्ध बनाया
है। प्रो. बाबू के शैक्षिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त है, जिसका प्रमाण भारत के महामहिम राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान (2024) है। इसके अतिरिक्त, वे गृह मंत्रालय,
भारत सरकार की हिंदी सलाहकार समिति
के सदस्य के रूप में हिंदी भाषा नीति और कार्यान्वयन में भी सक्रिय भूमिका निभा
रहे हैं। उन्होंने तकनीक-आधारित शिक्षण,
बहुभाषिक संगणन, न्यू मीडिया अध्ययन और डिजिटल ह्यूमैनिटीज़ के क्षेत्र में 30 से अधिक विशिष्ट पाठ्यक्रमों का निर्माण किया है तथा
सैकड़ों कार्यशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को नवीन शैक्षणिक
प्रवृत्तियों से परिचित कराया है। इस प्रकार, प्रो. जयशंकर बाबू न केवल हिंदी के विद्वान अध्येता हैं, बल्कि वे हिंदी के अकादमिक और डिजिटल भविष्य को आकार देने
वाले दूरदर्शी शिक्षाविद् है।
प्रोफेसर आर. एस. सर्राजु हिंदी भाषा और साहित्य के क्षेत्र
में एक सम्मानित विद्वान एवं शिक्षाविद् हैं, जिन्होंने तुलनात्मक साहित्य, कार्यात्मक हिंदी, अनुवाद अध्ययन, और तकनीकी शब्दावली के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने
हैदराबाद विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व प्रमुख के रूप में न केवल शोध एवं
शिक्षण को प्रोत्साहित किया, बल्कि दलित, आदिवासी एवं अनुवाद अध्ययन जैसे विशिष्ट क्षेत्रों में भी नई दिशाएँ
प्रदान कीं। उनके निर्देशन में अनेक शोधार्थियों ने पीएच.डी. तथा एम.फिल. की
उपाधियाँ प्राप्त की हैं, जिनके शोध विषय हिंदी और दक्षिण
भारतीय भाषाओं के अंतःसंबंधों से जुड़े रहे।
तकनीकी शब्दावली के क्षेत्र में
प्रो. सर्राजु का योगदान विशेष उल्लेखनीय है। वे भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के
अधीन ‘भारतीय भाषा समिति’ में वरिष्ठ विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत हैं, जहाँ उन्होंने
हिंदी भाषा के तकनीकी और वैज्ञानिक शब्दावली के विकास एवं मानकीकरण में महत्वपूर्ण
भूमिका निभाई है। इस कार्य से हिंदी को समकालीन तकनीकी और व्यावसायिक क्षेत्रों
में प्रभावी बनाने में सहायता मिली है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के
क्रियान्वयन में भी प्रो. सर्राजु की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने हिंदी
शिक्षा को बहुभाषीय, प्रयोजनमूलक और अनुभवात्मक बनाने हेतु
विभिन्न केंद्रीय हिंदी संस्थानों जैसे केंद्रीय हिंदी निदेशालय, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के शैक्षणिक मंडलों में
सक्रिय भागीदारी दी है। इनके मार्गदर्शन में हिंदी शिक्षण और अनुसंधान के लिए
रणनीतिक रूपरेखा विकसित हुई है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने
हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा दिया है। वे अनेक विदेशी विश्वविद्यालयों
में हिंदी शिक्षण और अनुवाद कार्यों में सक्रिय रहे हैं तथा
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में हिंदी भाषा, साहित्य और अनुवाद
के विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करते रहे हैं।
साहित्यिक एवं शोध कार्यों के
माध्यम से उन्होंने हिंदी भाषा विज्ञान, तुलनात्मक साहित्य, अनुवाद,
और भाषा नीति के क्षेत्रों में अमूल्य योगदान दिया है। उनकी
प्रकाशित पुस्तकें और शोध-पत्र हिंदी के समकालीन विमर्श को समृद्ध करते हैं और
भाषा के बहुआयामी विकास का परिचायक हैं।
अतः प्रो. आर. एस. सर्राजु ने
हिंदी भाषा को केवल एक शैक्षणिक विषय के रूप में नहीं, बल्कि एक
सामाजिक-सांस्कृतिक, तकनीकी और बहुभाषीय संवाद के माध्यम के
रूप में विकसित करने में अद्वितीय भूमिका निभाई है। उनका कार्य हिंदी के समकालीन
विकास, अनुसंधान, और तकनीकी शब्दावली
के मानकीकरण में मील का पत्थर साबित हुआ है।
दक्षिण भारत में हिंदी शिक्षकों के
समक्ष अनेक गंभीर चुनौतियाँ हैं, जो हिंदी शिक्षा के प्रचार-प्रसार
में बाधक बनी हुई हैं। सबसे बड़ी समस्या भाषिक विरोध की है, क्योंकि दक्षिण भारत की क्षेत्रीय भाषाएँ जैसे तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम स्थानीय लोगों की
पहचान और गर्व का स्रोत हैं। ऐसे में हिंदी को बाहरी भाषा के रूप में देखा जाता है, जिससे हिंदी को स्वीकार्यता मिलने में कठिनाई होती है। इसके
अलावा, हिंदी शिक्षण के लिए आवश्यक
संसाधनों की भारी कमी भी एक बड़ी बाधा है। विद्यालयों और संस्थानों में पर्याप्त
पुस्तकालय, शिक्षण सामग्री, आधुनिक तकनीकी उपकरण और समर्पित प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध
नहीं हो पाने से शिक्षकों का कार्यभार बढ़ जाता है और शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित
होती है। इसके साथ ही, पत्र-पत्रिकाएँ, अखबार और मीडिया संस्थान भी हिंदी को अपेक्षित प्राथमिकता
नहीं देते, जिससे हिंदी के प्रति जनता का
रुझान कम होता है। क्षेत्रीय भाषाओं के साथ-साथ अंग्रेज़ी की बढ़ती महत्ता ने
हिंदी को सीखने में छात्रों की रुचि को और सीमित कर दिया है। रोजगार के अवसरों में
कमी भी हिंदी के प्रचार-प्रसार को प्रभावित करती है क्योंकि हिंदी से जुड़े नौकरी
के अवसर दक्षिण भारत में सीमित हैं, जिससे छात्र और युवा हिंदी सीखने
से कतराते हैं। प्रशासनिक स्तर पर भी हिंदी शिक्षकों को उचित सम्मान, प्रोत्साहन और पदोन्नति के अवसर नहीं मिलते, जो उनकी कार्यक्षमता और मनोबल को प्रभावित करता है। इन तमाम
कठिनाइयों के बावजूद, हिंदी शिक्षक अपनी लगन, धैर्य और रचनात्मकता से हिंदी को दक्षिण भारत में एक स्थायी
स्थान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने स्थानीय भाषा-परिसर और छात्रों
की मानसिकता को समझते हुए शिक्षण के नए-नए तरीके अपनाए हैं, जिससे हिंदी शिक्षा की जड़ों को मजबूत किया जा सका है।
संदर्भ सूची
1. हिंदी प्रचार सभा, मद्रास – प्रकाशित इतिहास एवं वार्षिक प्रतिवेदन
2भारत सरकार, शिक्षा मंत्रालय – भाषा नीति दस्तावेज़, 2020
3. https://shodhganga.inflibnet.ac.in
4. https://india.gov.in/topics/hindi-language
5. https://sahityakunj.net/हिंदी के
प्रचार प्रसार में दक्षिण का योगदान - पद्मावती | साहित्य कुंज
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
if you have any doubts ask me plz...