बुधवार, 27 अगस्त 2025

हिंदी उपन्यासों में किन्नरों की आर्थिक स्थिति- डॉ. मिलन बिश्नोई

 

हिंदी उपन्यासों में किन्नरों की आर्थिक स्थिति

 आर्थिक संदर्भ किसी भी समाज या समुदाय की आर्थिक सुदृढ़ता सुव्यवस्थित शिक्षा, तकनीकी प्रगति और प्राकृतिक संसाधनों के समुचित उपयोग पर आधारित होती है। किंतु यदि हम किन्नर समुदाय की आर्थिक स्थिति पर दृष्टि डालें, तो यह स्पष्ट होता है कि उनके पास आजीविका के सीमित साधन हैं—मुख्यतः बधाई मांगना और देह व्यापार।

संविधान द्वारा वर्ष 2014 से किन्नरों को पिता की संपत्ति में अधिकार प्रदान किया गया है, किन्तु वास्तविकता यह है कि भारत में केवल लगभग 2% ट्रांसजेंडर ही अपने माता-पिता के साथ रहते हैं। अधिकांश परिवार अपने बच्चों की वास्तविक लैंगिक पहचान को छिपाकर उन्हें साथ रखने की कोशिश करते हैं, परंतु घर की चारदीवारी के भीतर भी इस पहचान को लंबे समय तक छिपाना संभव नहीं हो पाता। परिणामस्वरूप, लगातार मानसिक दबाव और तनाव झेलते हुए अनेक ट्रांसजेंडर बच्चे घर छोड़कर भाग जाते हैं।

घर से बाहर निकलने के बाद कुछ बच्चों को अच्छे गुरु और सुरक्षित आश्रय मिल जाते हैं, लेकिन अधिकांश किन्नरों को अपने ही डेरों में शोषण का सामना करना पड़ता है। संवैधानिक अधिकार प्राप्त किए हुए उन्हें लगभग दस वर्ष हो गए है, फिर भी सामाजिक, पारिवारिक, राजनीतिक और आर्थिक स्तर पर कोई ठोस परिवर्तन नहीं दिखाई देता।

मानवाधिकार आयोग की रिपोर्टें बताती हैं कि ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को अब भी बड़े पैमाने पर अपने मौलिक अधिकारों से समझौता करना पड़ता है। घर, समुदाय और शैक्षणिक संस्थानों में उनके साथ भेदभाव किया जाता है। न्यायिक प्रक्रिया में भी उन्हें निष्पक्षता नहीं मिलती, क्योंकि पुलिस और प्रशासन से वे भयभीत रहते हैं—अक्सर स्वयं पुलिस ही उन्हें प्रताड़ित करती है।

आज भी किन्नर समुदाय रोटी, कपड़ा, मकान और सम्मान जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। उनके लिए शिक्षा, रोजगार और आवास सुनिश्चित करने हेतु कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई है। भारत में विवाह, दांपत्य जीवन और परिवार स्थापित करने का भी उन्हें कानूनी अधिकार प्राप्त नहीं है। आवास के मामले में तो स्थिति और भी दयनीय है—मकान या होटल किराये पर लेने के लिए उन्हें बार-बार अपमान और अस्वीकार का सामना करना पड़ता है।

               कई बार हिंदी और अंग्रेजी अखबारों में समाचार पढ़ने को मिलते हैं, वे आज भी भारत में परलिंगी समुदाय के लोग विशेष कानूनी मान्यता प्राप्त लिंगीय पहचानके संदर्भ में समस्याओं का सामना करते हैं । खासकर राशनकार्ड, पासपोर्ट, आधारकार्ड, बैकअंकाउट, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने तथा आम जनसुविधाओं  में जैसे टॉयलेट, बस, ट्रेन, स्कूल-कॉलेज, सैलून, होटल, दर्शनीय स्थल इत्यादि छोटी-मोटी सुविधाओं से भी वंचित हो रहे हैं और बेझिझक होकर उन सब सुविधाओं का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे । 13 अगस्त 2018 की टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार- “99%  have suffered social rejection on more than  occasion, including from their family.96% of transgender are denied jobs and forced to take low paying or undignified work for livelihood like badhais  sex work and begging.89% of transgender said there are no jobs for even qualified ones.50% to 60% of transgenders have never attended schools, and those who did faced discrimination.57% of transgender are keep on getting sex-alignment surgery but don’t have money for it. Only 2% of transgenders live with parents.53% live under guru-chela system, where gurus provide shelter in lieu of cut in incomes.”[1](Study on Human Rights of transgenders in India.) अर्थात् इन आंकड़ों से किन्नरों की आर्थिक दशा और दिशा का अनुमान लगा सकते हैं कि वे किन-किन परिस्थियों का सामना कर रहे हैं ।

               यहाँ ट्रांसजेडरों को लाभकारी रोजगार को सुनिश्चित करने के लिए कुछ जगहों पर प्रयास किए गए । जैसा कि 2017 में केरल में कोच्चि मेट्रो रेल लिमिटेड ने 23 ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को रोजगार दिया गया । जबकि वहाँ उनमें से आठ व्यक्तियों  ने एक महीने के अंतर्गत नौकरी छोड़ दी । क्योंकि कई मकान मालिकों ने उन्हें रहने के लिए आवास उपलब्ध नहीं करवाये । जिन्होंने रहने के लिए जगह दी तो किराये की मनमानी राशि तय की ।

               शुलभ शौचालय की अनुपलब्धता की समस्या का सामना किन्नर बड़े पैमाने में कर रहे हैं । इस प्रकार की असुविधा के कारण वे महिला और पुरुष दोनों से भेदभाव और उपेक्षा के शिकार होते हैं । इनके लिए सार्वजनिक बस स्टैण्ड, रेलवे, हवाई अड्डे तथा कम्पनियों  में न्यूट्रल बाथरूम  और टॉयलेट की व्यवस्था की जानी चाहिए । हालांकि  2017 में केंद्र सरकार ने पुरुषों और महिलाओं  दोनों के लिए बने टॉयलेट का इस्तेमाल करने की अनुमति देकर  किन्नरों की समस्या का निदान करने का प्रयास किया है । कुछ कॉपरेट कम्पनियों में IBM. Intel, Tata Steel, Infosys, Goldman Sachs, Cummins इत्यादि कंपनियों ने यूनिवर्सल-एक्सेस टॉयलेट की स्थापना की है ।

               किन्नर समुदाय की आमदनी का मुख्य स्त्रोत बधाई माँगना है । यदि देखा जाए बधाई से प्राप्त आमदनी से अधिक उनके दैनिकी खर्चे हैं । 21 वीं सदी के हिंदी उपन्यासों में कुछ महत्त्वपूर्ण बिंदु उभर कर आए हैं, इन तमाम मुद्दों पर समाज और सरकार को विशेष रूप से ध्यान देने की आवश्यकता है । जैसा कि – 1. सार्वजनिक यातायात में हास्यात्मक और भेदभाव का सामना करना पड़ता है इसलिए कई बार निजी वाहन या किराये लेकर जाते हैं, तब इन्हें भारी राशि चुकानी पड़ती है ।

2.      सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में भी इनके साथ सामान्य व्यवहार नहीं किया जाता इसलिए कुछ किन्नर शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं तो उन्हें बहुत अधिक फीस अदा करनी पड़ती है ।

3.      छोटी-मोटी बिमारी होने पर भी सरकारी डॉक्टर इनका इलाज करना नहीं चाहते इसलिए प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करवाने के मनचाहे पैसे लूटते हैं ।

4.      सामान्य रेस्टारेंट, मॉल और पब्लिक यातायात इत्यादि संस्थानों में सुविधा नहीं होने के कारण किन्नरों को अपनी क्षमता से अधिक पैसे व्यय करने पड़ते हैं ।

5.      इस प्रकार उपन्यासों में किन्नरों के रोजगार, शिक्षण संस्थान, शारीरिक परामर्श और अस्पतालों की सुविधाओं की कमी देखने को मिल रही है । इन तमाम बिंदुओं का प्रभाव किन्नरों की आर्थिक स्थिति पर  भी पड़ता है ।

6.      उपन्यासों के कथानायकों में नाजबीबी, हर्षा, विनीत ,छैलू, सिमरन, बिन्नी, पूनम, प्रीत, तारा इत्यादि पात्र आर्थिक कमजोरी को महसूस कर रहे है

          21वीं सदी के हिंदी उपन्यासों में किन्नरों की आर्थिक स्थिति और उनकी आमदनी स्त्रोत देखा जाए तो नीरजा माधव ने 2002 में यमदीप उपन्यास लिखकर साहित्य को किन्नर जीवन से जोड़ने का काम किया है । यमदीप उपन्यास पात्र हिजड़ा परम्परा के अनुसार बधाई से ही अपनी जीविकोपार्जन करते दिखाई देते हैं । दिनभर की कमाई का कुछ हिस्सा अपने गुरु को भी देते हैं क्योंकि गुरु ने ही कमाई का जरिया सिखाया और जजमानों के घर शिष्यों को सौंपे हैं । परंतु बधाई के पैसों से सारी जरूरतें पूरी भी नहीं हो रही है इसलिए कुछ किन्नर चोरी-छुपे सेक्सवर्क करने लग जाते हैं ताकि अपनी कमाई का गुरु को हिस्सा देने के बाद कुछ उनके पास बचें । नाजबीबी के द्वारा सोना को डेरे में ले आने से खर्चा और बढ़ जाता है, इसलिए महताब गुरु उस दिन नाजबीबी से अपना हिस्सा नहीं लेते हुए अन्य शिष्यों से लेती है तब चमेली इस तरह के व्यवहार पर प्रश्न करती है, जब महताब गुरु ने उसे समझाया तो नाजबीबी से अपनी चिंता व्यक्त करती है कि- सोचते तो हम भी हैं, नाज । पर तन तो भगवान ने आधा टुकड़ा बनाया कि किसी लायक नहीं रहे और पेट...? पेट तो नहीं न बंद करके भेजा । वह तो खुला ही है । रोज भरो, रोज खाली । उसे भी काटकर या सीकर भेजता तो कम से कम बस जीना ही तो रहता।[2] आलोच्य उपन्यास में चमेली की चिंता से समस्त हिजड़ा समुदाय की वास्तविक स्थिति समझ सकते हैं । समाज और परिवार तो इनसे भेदभाव करके हाशिये पर फेंक देंगे लेकिन पेट की भूख शांत करने के लिए किसी तरह पैसा इन्हें कमाना ही पड़ेगा । दूसरे संदर्भ में चमेली रोजी-रोटी के लिए चिंता व्यक्त कर रही है कि अरे, अब जजमान के यहाँ भी क्या आशा? सरकार ने उनका भी बधिया करवा दिया है । दो से ज्यादा पैदा ही नहीं करते । [3] अर्थात् किन्नर समुदाय की आर्थिक स्थिति अधिक कमजोर होने के निम्न कारण प्रमुख माने जा रहे हैं – 1. महानगरों में अपार्टमेंट्स सिस्टम को बढ़ावा 2. गांवों से शहरों की ओर पलायन 3. परिवार नियोजन 4. आधुनिक लोगों का आशीर्वाद लेने और नेग देने जैसी धारणाओं के प्रति मोह भंग होना इत्यादि लेकिन किन्नरों का रोजी-रोटी के लिए बधाई एकमात्र माध्यम समझकर जनसंख्या बढ़ाने के प्रति लालच भी अज्ञानता और अशिक्षा है । इनको रोजगार के लिए समाज और सरकार को उन्हें शिक्षा, वाणिज्य-व्यापार से जोड़ने की आवश्यता है । खैर इस उपन्यास का लेखन  काल 2002 के समय का था आज स्थितियाँ काफी बदल रही है । यह बदलाव आगे के उपन्यासों में काफी सकारात्मक दृष्टिकोण से भी देखा जा सकता है।

               मैं भी औरत हूँ’(2005)में अनुसूया त्यागी कृत उपन्यास में सशक्त माता-पिता लैंगिक अस्पष्टता वाली संतान की सर्जरी करवाकर स्वस्थ जीवन जीने की आजादी ही नहीं देते बल्कि रोशनी को सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक दृष्टिकोण से भी सक्षम बनाने का सहयोग करते हैं । पढ़-लिखकर एक कम्पनी की सी.ई.ओ. बनकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन जाती हैं । समय के बदलते दौर में काफी क्षेत्रों में ट्रांसजेंडर को नौकरी देने की शुरुआत हो चुकी है । शिक्षा और रोजगार के क्षेत्रों में अवसर मिलने के कारण उनकी जीवनशैली में अवश्य बदलाव देखने को मिल रहा है । रोशनी के संदर्भ में कुछ निजी कम्पनियों के नाम उल्लेख किया जा रहा है जहाँ पर ट्रांसजेंडर को काम करने का अवसर दिया जाने लगा । –“10 Companies that Hired Transgenders in india-Accenture, Altran India Pvt Ltd, Etasha, EY, Future Group, Future Group, Kochi Metro, Delhi Metro, SPI Cinemas Pvt Ltd, Third Eye Café, Tweet Foundition etc.”[4] यानि बहुत ही बड़ा बदलाव उपन्यास में ही नहीं बल्कि सामाजिक क्षेत्र और देश की संस्थाओं में भी आ रहा है ।

               2011 में प्रदीप सौरभ ने तीसरी ताली उपन्यास में किन्नर, गे, लेस्बियन, लौंडेबाज, समलैंगिकता पर आधारित उपन्यास में पात्रों के माध्यम से सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों का संघर्षपूर्ण जीवन का यथार्थ अंकन किया है। लेखक खोजी पत्रकार होने के कारण किन्नर समाज के विभिन्न पहलुओं को बहुत नजदीकी से पड़ताल करते हुए उनकी अच्छाई और बुराई के दोनों पक्षों का बखूबी से चित्रण किया है। समाज में गरीब लोगों का शोषण किस तरह होता है और दो वक्त की रोटी के लिए उन्हें क्या नहीं करना पड़ता? समाज के कई लोग ऐसे हैं जिन्हें मजबूरन हिजड़ा बनना पड़ता हैं । लेखक इसका उदाहरण तीसरी ताली उपन्यास में पात्र के माध्यम से देते हैं कि माना मैं मर्द हूँ, लेकिन समाज मुझसे मर्द का काम लेने के लिए राजी नहीं है । मुझे इस समाज ने मादा की तरह भोग की चीज में तब्दील कर दिया है । मैं मर्द रहूँ, औरत रहूँ या फिर हिजड़ा बन जाऊँ, इससे किसी को कोई फर्क नहीं पड़ेगा, पेट की आग तो बड़े-बड़ों को न जाने क्या-क्या बना देती है । [5] ज्योति एक दलित लड़का है उसके अंदर की नृत्यकला के कारण स्त्री-भाव जागृत होने कारण बाबू साहब जैसे लोग उनका शोषण करते हैं और इस शोषण से परेशान होकर एक दिन हिजड़ा बनने की ठान लेता है ।

               तीसरी ताली उपन्यास में कमाई के अलग-अलग माध्यम है । किसी के साथ जोर-जबरदस्ती किए बिना इज्जत के साथ बधाईमाँगकर जीविकोपार्जन करते हैं । लेकिन कुछ किन्नर ऐसे भी हैं यदि उनकी इच्छानुसार जजमान उन्हें नेग राशि नहीं दें तो वे नंगा नाच शुरू कर देते हैं और इस तरह की कमाई करने वालों के पास धन-दौलत की कोई कमी नहीं रहती । कला मौसी जैसी कई बुजुर्ग किन्नरों की हालत खराब देखने को मिलती है, क्योंकि उनकी मण्डली के अन्य हिजड़े दूसरी मंडली में शामिल हो गये और मण्डली के आपसी विवादों और झगड़ो में उनकी कमाई के सारे पैसे चले गये । लेकिन डिम्पल के पास खूब पैसे सोना-चांदी है क्योंकि वह खास अवसरों पर जजमानों के सामने ताल ठोककर बधाई की ऊँची माँग रखती है, लोग उसकी बेइज्जती से बचने के लिए उनकी माँग के अनुसार नेग दे भी देते हैं ।

   उपन्यास में किन्नर समुदाय की संभावनाओं में बधाई के अलावा भी आमदनी के स्त्रोत दिखाई देते हैं । विनीत से विनीता बनकर ब्युटिशियन बनकर अपने जीवन में आगे बढ़ती हैं, उन्हें भी आम अलैंगिक बच्चों की भांति परिवार और समाज से तिरस्कार और शोषण का सामना करना पड़ता है, लेकिन विनीता अन्य ट्रांसजेंडरों की भांति देह-व्यापार, भीख माँगना, नेग वसूली इत्यादि परम्परागत रास्तों से हटकर अपना संघर्ष जारी रखती है । एक दिन ब्यूटिशियन बनकर गौतम साहब और किन्नर समुदाय का नाम रोशन करती है । वहीं दूसरी तरफ इस उपन्यास का सकारात्मक पक्ष देखने को मिलता है कि  डिम्पल  ना सिर्फ बधाई की कमाई पर आश्रित बल्कि वह पशु-पालन का भी काम करती है । अपने डेरे पर राजा जैसे गरीब को रोजगार देती है अपनी मंडली में नाच-गान और ढ़ोलक बजाने वालों को काम भी देती हैं । महेन्द्र भीष्म कृत किन्नर कथा उपन्यास में किन्नर गुरु तारा के डेरे की आर्थिक स्थिति काफी अच्छी है । तारा के पास दान में मिली और खरीदी हुई कृषि करने योग्य जमीन है । उनके पास साइकिल से लेकर स्कुटर, बस वगैरह सब कुछ संसाधन है । तारा कृषि और पशुपालन के लिए कुछ लोगों को काम भी दे रही है और उसके  पास नाच-गान करने वाली मंडली भी है इसलिए उनको शादी ब्याह में बुलाया जाता है ।

               किन्नर समुदाय को मानसिक रूप से मजबूत बनने के लिए भी उन्हें आर्थिक पक्ष को सुदृढ़ करना कहीं ना कहीं जरूरी है । हिंदी के किन्नर उपन्यासों में पात्रों की इच्छा भी यही दिखाई दे रही है । बधाई उनका एकमात्र इनकमसोर्स माना जाता है और उससे समस्त किन्नरों की आवश्यकताएं पूरी नहीं हो रही हैं इसलिए कुछ किन्नर देह-व्यापार के धंधों में लिप्त होने लगे । लेकिन महताब गुरु इस तरह के कामों में लिप्त होते देखकर चिंता प्रकट करती है कि - देखो, नाज, चोरी-छिपे यहाँ जो धंधा चल रहा है उसका फल तो तुम देख रही ही हो । जुबैदा चल बसी और अब सोबराती की बारी है - अब चला जाए कि तब । इसीलिए बस्ती में हम सबको मना करते रहे कि जिस करम को करने लायक अल्ला ने ही हमें नहीं बनाया तो उसके साथ कोई जोर-जबरदस्ती मत करो । लेकिन कौन सुनता है ? कभी रेलवे स्टेशन पर मोर्चा खाए पुराने डिब्बे में से पुलिसवाले के साथ कोई निकलता है तो शराबियों-कबाबियों के साथ हमारा कोई बिरादर पकड़ता है । दस-बीस रूपयों के लिए इतना गंदा काम करने की क्या जरूरत? अरे, थोड़ा कम खाएंगे, कम सोना-चांदी पहनेंगे, लेकिन वेश्यागिरी तो नहीं करनी पड़ेगी ।[6] महताब गुरु की चिंता जायज है, लेकिन किन्नर को अपने शौक पूरे करने के लिए वे वेश्यागिरी को अपनाने से पीछे नहीं हटते हैं ।

               21 वीं सदी के हिंदी में किन्नर उपन्यासों के पात्र संघर्ष, मेहनत, ईमानदारी के साथ जीविकोपार्जन करने के माध्यम ढूँढ़ रहे हैं । बहुत सारे किन्नर इन पात्रों की तरह ही बधाई और देह-व्यापार करके पैसा कमाना नहीं चाहते । वे स्वयं को आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं, और वे भी होटल, ब्यूटीपार्लर, शारीरिक प्रशिक्षण, रेलवे, एयरलाइन, मेडिकल,चिकित्सा,यातायात, टैक्सी ड्राइवर, व्यवसाय, सिलाई-कटाई, बागवानी, सुरक्षाकर्मी और शिक्षण-प्रशिक्षण इत्यादि क्षेत्रों में नौकरी पाने को इच्छुक हैं । वास्तव में अगर उन्हें पढ़ने-लिखने और काम करने का मौका दिया जाए तो आर्थिक पक्ष में मजबूती अवश्य देखने को मिलेगी । इस समुदाय में आर्थिक पक्ष को दो भागों में बांटकर देखना भी जरूरी लगता है । समुदाय में एक तरफ धनाढ्य और अमीर किन्नर गुरु या गद्दीपति हैं, दूसरी तरफ वे जो सुबह-शाम की रोटी के लिए दर-दर भटकते हैं इसके बावजूद  भी उन्हें जरूरत भर की कमाई का जरिया नहीं मिलता ।

               गुलाममंड़ी की पात्र रानी किन्नर की दास्तान से समाज और प्रशासन का वास्तविक आइना देख सकते हैं कि कोई काम भी नहीं देता था । लोगों के घर बर्तन माँजने गयी तो बोले-हिजड़े से बर्तन मंजवाएंगे क्या?’ मैंने कह दिया-...से बर्तन थोड़ी माँजते हैं । माँजते तो हाथ से ही हैं न । इस पर धराती ने थाने पर रिपोर्ट कर दी कि हिजड़ा घर में औरतों को छेड़ रहा है । अश्लील बातें कर रहा है । पुलिस मुझे पकड़कर ले गयी । मारा भी और रेप भी किया । अब पूछो कानून के रखवालों से, भला हिजड़ों को पुरुष के थाने में क्यों भेजते हैं ? नहीं तो बनाएं तीसरा थाना । नहीं क्या?’...[7] इससे से यह पता चलता है कि किन्नर के लिए कोई काम छोटा या बड़ा नहीं है, वे लोगों के सामने भीख के लिए हाथ ना फैलाकर मजदूरी के लिए काम माँगने पर कोई काम देने को आगे नहीं आते । संवैधानिक स्तर पर सबको बराबरी वाला दर्जा तो मिल गया है, आम इंसान की भांति आज भी इन्हें रोजी-रोटी कमाने के अवसर नहीं मिले रहे हैं ।

               पुरुष तन में स्त्री संरचना में ढले हुए अपने आप में असहज महसूस करने वाले मासूम बालक जब किशोरावस्था में कदम रखते हैं, तब उनके ऊपर चारों तरफ से हमले होना शुरू हो जाते हैं । शारीरिक बदलाव और हाव-भाव के कारण परिवार की प्रताड़ना से घर से विस्थापन, देह की लचक देख समाज का बढ़ता शोषण, घर से भागे हुए किन्नरों का एकमात्र खुला द्वार किन्नर डेरा ही है, उसमें गुरु की मनमानी तथा गुरु की नजरों में सम्मान पाने के लिए ज्यादा पैसा कमाने की होड़ देह व्यापार से होकर गुजरती है और धीरे-धीरे इन्हें ना जाने कितनी संक्रमित बिमारियों के गर्त में धकेल देती है । मैं पायल उपन्यास की पात्र पायल को पिता की प्रताड़ना घर छोड़ने को मजबूर कर देता है । वास्तव में घर से निकलती तो आत्महत्या करने के लिए, पर वैसा संयोग से हो नहीं पाया । फिर वहाँ से वास्तविक दुनिया में कदम रखती है तो उसे पहला कदम रखते ही उसके साथ छेड़-छाड़ और बलात्कार करने की कोशिश और हरकतें शुरू हो जाती है । घर में पिता की प्रताड़ना और बाहर निकलते ही बूढ़े अंकल, पुलिसकर्मी, सहकर्मी और खासकर किन्नर गुरु स्वयं के द्वारा अपने गिरिया कहें या पाले हुए गुंडे, प्रमोद इत्यादि लोगों से शोषित होती है । इन सबसे शारीरिक प्रताड़ना मिलने के बावजूद वह संघर्ष करने से पीछे नहीं हटती है, अपनी अस्मिता और अवसर की तलाश में रहती है । पायल ने कभी किन्नरों के पारम्परिक धंधे को तव्वजों नहीं दी । वह चाय की होटल में, गेट कीपर, प्रोजेक्टर चलाने का काम करते हुए मेहनत मजदूरी करके आगे बढ़ने विश्वास रखती है । आज समाज में पायल राजनेता के रूप में, किन्नर गुरु, माँ, सोशल एक्टिविस्ट तथा सिनेमा जगत् में प्रसिद्धि हासिल करने के साथ-साथ आर्थिक रूप से बहुत सम्पन्न और सुदृढ़ है ।

               इसी तरह भीख माँगने, चौराहे पर गाड़ियों के शीशे उतरवाने, बधाई माँगने, चोरी, लुट-पाट और देह-व्यापार न करके उपन्यासों के कुछ पात्र माता-पिता की अच्छी परवरिश के कारण आर्थिक और मानसिक रूप से सुदृढ़ होकर समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं । जैसे गिरिजा भारती के उपन्यास में प्रीत की अलैंगिकता को उसके माता-पिता ने स्वीकारते हुए उसे पढ़ाया-लिखाया और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया । वह एक कम्पनी में अच्छी नौकरी करते हुए अपने भाई की पढ़ाई-लिखाई में आर्थिक सहयोग भी करती है । जिंदगी 50-50 में हर्षा और सूर्यादोनों एक परिवार में पैदा हुए हैं, लेकिन हर्षा को किन्नर जीवन का अभिशाप भोगना पड़ा । घर छोड़ने के पश्चात् रोजी-रोटी के लिए भी कई बार देह बेचने के अलावा कोई उनके पास रास्ता नहीं बचता है । हर्षा की जिंदगी में सारे उतार-चढ़ाव देखने को मिलते हैं, जहाँ वह एक रूढ़िवादी परिवार का किन्नर बच्चा जो उपेक्षित व तिरस्कृत होकर आर्थिक, शारीरिक, मानसिक कष्टों से हार कर आत्म हत्या का रास्ता चुन लेता है । वहीं सूर्या को परिवार की स्वीकार्यता ने उसे एक सफल इंसान बेटे के रूप में पहचान दिलाई है । वह परिवार के साथ और सहयोग से पढ़-लिखकर कम्पनी में अच्छे पद पर काम कर रहा है । अस्तित्व की तलाश में सिमरन उपन्यास की पात्र सिमरन को माता-पिता प्रताड़ित करते हैं और वह अलैंगिकता कलंक से मुक्त होने के लिए लगातार छोटे-बड़े काम करके आर्थिक रूप से सक्षम होने का प्रयास करती है ।

               आज सिमरन रेडियो जॉकी बनकर, एनजीओ में काम करना तथा चित्रकारी करके अपनी आजीविका कमाती है । कोरोनाकाल में आम लोगों को राशन देकर उनकी मदद भी कर रही थी । पोस्ट बॉक्स नं. 203 नाला सोपाराके विनोद उर्फ बिन्नी को उसका पिता किन्नर चंपाबाई के हवाले कर देता है । बिन्नी बचपन से पढ़ने लिखने में होशियार था लेकिन माँ-बाप ने उसे नरक में धकेल दिया था । उसके बावजूद भी अपनी पढ़ाई जारी रखता है, पूनम किन्नर उसकी पढ़ाई के लिए उसे विधायक जी से मिलवाती है । बिन्नी को विधायक जी शरण भी देते हैं और कंप्यूटर का कोर्स करवाने के साथ नौकरी भी देते हैं । बिन्नी और पूनम आत्मनिर्भर पात्र हैं, उन्होंने भीख माँगने की बजाय मेहनत करके जीना सीखा । पूनम भी गाड़ियाँ साफ करने का काम कर रही है और बिन्नी ने भी कुछ दिन गाड़ियाँ साफ करने का काम किया था परन्तु कुछ ही दिनों बाद विधायक जी की ऑफिस में नौकरी करने लग जाता है ।

               इस प्रकार सभी रचनाकारों ने किन्नर जीवन के सामाजिक पक्ष से संबंधित सभी आयामों का सफलतापूर्ण चित्रण किया है । इससे यह स्थापित है कि यदि समाज तृतीय प्रकृति के लोगों का सकारात्मक ढंग से सहयोग करे तो किन्नर भी साधारण जन-जीवन में मिल-जुलकर रहना ही नहीं यद्यपि वे राष्ट्र की उन्नति में भाग लेने हेतु शत-प्रतिशत तैयार है । इसी क्रम में रचनाकारों ने किन्नरों की आर्थिक स्थिति से संबंधित दोनों पक्षों का यथार्थपरक चित्रण किया है, यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं है ।

संदर्भ सूची

1. Chauhan, Neeraj. “99% Transgenders Have Faced Social Rejection: NHRC Study.” Times of India, 13 Aug. 2018, timesofindia.com.

2.माधव, नीरजा. यमदीप. पृ. 27.

3.माधव, नीरजा. यमदीप. पृ. 27.

4. Zero Kaata – Indian Jewelry Blog. zerokaata.com.

5. सौरभ, प्रदीप. तीसरी ताली. पृ. 57.

6.माधव, नीरजा. यमदीप. पृ. 29.

7. अहमद, एम. फ़ीरोज़, संपादक. थर्ड जेंडर : कथा आलोचना. वाड्मय त्रैमासिक पत्रिका, पृ. 90.

 


दक्षिण भारत में हिंदी प्रचार-प्रसार के अग्रदूत: दक्षिण भारतीय हिंदी शिक्षकों का योगदान

 दक्षिण भारत में हिंदी प्रचार-प्रसार के अग्रदूत : दक्षिण भारतीय हिंदी शिक्षकों का योगदान


भारत की सांस्कृतिक और भाषायी संरचना विश्व में अद्वितीय है। यहाँ सैकड़ों भाषाएँ और बोलियाँ, विविध साहित्यिक परंपराएँ, तथा अनगिनत सांस्कृतिक रूपायन एक साथ विद्यमान हैं। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 343 के अनुसार हिंदी को देवनागरी लिपि में संघ की राजभाषा का दर्जा प्राप्त है, जबकि अष्टम अनुसूची में अन्य 21 भाषाओं को समान रूप से संवैधानिक मान्यता दी गई है। यह संवैधानिक व्यवस्था न केवल भाषायी विविधता के संरक्षण का प्रमाण है, बल्कि राष्ट्रीय एकता के संवर्धन का भी आधार है। हिंदी, अपने व्यापक प्रयोग और लचीलेपन के कारण, उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर, पश्चिम और दक्षिण भारत तक एक संपर्क-भाषा (Link Language) के रूप में विकसित हुई है।

दक्षिण भारत में हिंदी का प्रवेश और उसका प्रचार-प्रसार कोई हाल का घटनाक्रम नहीं है। इसके सूत्र आदिकाल तक पहुँचते हैं, जब संत कवियों और महापुरुषों ने हिंदी या हिंदी-संबंधी अपभ्रंश भाषाओं में रचनाएँ करके सांस्कृतिक संवाद स्थापित किया। उदाहरणार्थ, संत कबीर, तुलसी,गुरु नानक, मीरा बाई जैसे उत्तर भारतीय संत कवियों की रचनाएँ दक्षिण भारत तक पहुँचीं और वहीं की भाषाओं में अनूदित होकर जनमानस में लोकप्रिय हुईं। मध्यकाल में महाराष्ट्र, आंध्र, तमिलनाडु और कर्नाटक के अनेक संतों ने हिंदी या ब्रजभाषा के पदों का प्रयोग कर भक्ति-आंदोलन की अखिल भारतीय एकता को सुदृढ़ किया। इस प्रकार हिंदी साहित्य का प्रभाव केवल उत्तर भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दक्षिण भारतीय समाज की सांस्कृतिक चेतना में भी स्थायी स्थान बनाया।

आधुनिक काल में, विशेषकर उन्नीसवीं सदी के उत्तरार्ध और बीसवीं सदी के पूर्वार्ध में, हिंदी प्रचार का कार्य अधिक संगठित रूप से प्रारंभ हुआ। दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा (मद्रास), जिसे महात्मा गांधी ने 1918 में स्थापित करने में विशेष भूमिका निभाई, दक्षिण में हिंदी शिक्षण के संस्थानीकरण की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध हुई। इस संस्था के माध्यम से हजारों शिक्षकों, प्राध्यापकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विद्यालयों, महाविद्यालयों और जनजागरण आंदोलनों में हिंदी को प्रोत्साहित किया।

यद्यपि स्वतंत्रता-उपरांत काल में हिंदी को लेकर दक्षिण भारत में भाषायी पहचान और क्षेत्रीय स्वाभिमान के कारण समय-समय पर विरोध और तनाव के स्वर उभरे विशेषतः 1965 के राजभाषा आंदोलन के दौरान तथापि यह भी सत्य है कि शिक्षा, साहित्य, मीडिया, फिल्म, पर्यटन और व्यापार के क्षेत्रों में हिंदी का प्रयोग निरंतर बढ़ता रहा। इस वृद्धि में दक्षिण भारतीय हिंदी शिक्षकों की भूमिका सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण रही है। उन्होंने न केवल भाषा-शिक्षण की परंपरा को विकसित किया, बल्कि अपनी मौलिक रचनाओं, अनुवादों, पाठ्यक्रम-निर्माण, शोध-निर्देशन और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से हिंदी को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुँचाया।

वर्तमान युग में, जब डिजिटल मीडिया, ऑनलाइन शिक्षा और अंतर-राज्यीय संवाद की महत्ता बढ़ गई है, दक्षिण भारतीय शिक्षकों का योगदान केवल औपचारिक शिक्षण तक सीमित नहीं है। वे ई-कंटेंट निर्माण, राष्ट्रीय सेमिनारों, अंतरविश्वविद्यालयी संगोष्ठियों और बहुभाषी सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से हिंदी को एक जीवंत और समकालीन भाषा के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। इस प्रकार, आदिकालीन संतों से लेकर वर्तमान समय के प्राध्यापकों तक की यह परंपरा हिंदी के सांस्कृतिक और भाषायी क्षितिज को समृद्ध करती रही है।

दक्षिण भारत में हिंदी प्रचार की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि

दक्षिण भारत में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार का क्रम किसी आकस्मिक या सीमित अवधि का परिणाम नहीं, बल्कि एक दीर्घकालिक सामाजिक-सांस्कृतिक प्रक्रिया का अंग है। यद्यपि हिंदी के साहित्यिक और सांस्कृतिक सूत्र मध्यकाल में ही भक्ति आंदोलन के माध्यम से दक्षिण भारत तक पहुँच चुके थे, परंतु व्यवस्थित रूप से हिंदी शिक्षण और प्रचार-प्रसार का संगठित स्वरूप औपनिवेशिक काल में उभरकर सामने आया।

उन्नीसवीं शताब्दी के उत्तरार्ध और बीसवीं शताब्दी के प्रारंभ में, जब भारत में राष्ट्रीय चेतना का पुनर्जागरण हो रहा था, हिंदी को अखिल भारतीय संचार की भाषा के रूप में स्थापित करने की दिशा में अनेक सामाजिक और राजनीतिक प्रयास हुए। दक्षिण भारत में यह विचार विशेष रूप से महात्मा गांधी, राजगोपालाचारी (राजाजी), काका कालेलकर, पी. सुंदरैया जैसे नेताओं के माध्यम से व्यापक हुआ। महात्मा गांधी ने हिंदी को “भारतीय जनमानस की संपर्क भाषा” मानते हुए, इसे दक्षिण के प्रांतों में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु 1918 में मद्रास (वर्तमान चेन्नई) में दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा की स्थापना हुई, जो आगे चलकर हिंदी शिक्षण, परीक्षाओं और प्रकाशन कार्य का प्रमुख केंद्र बनी। यह संस्था न केवल हिंदी को दक्षिण भारत के विद्यालयों और महाविद्यालयों के पाठ्यक्रम में स्थान दिलाने में सफल रही, बल्कि इसने स्थानीय शिक्षकों को प्रशिक्षित कर एक मजबूत मानव संसाधन भी तैयार किया।

हिंदी प्रचार की यह प्रक्रिया केवल राजनीतिक या संस्थागत प्रयासों तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसे एक सामाजिक आंदोलन का स्वरूप प्राप्त हुआ। इसमें विशेष योगदान दक्षिण भारतीय हिंदी प्रेमी शिक्षकों का रहा, जिन्होंने न केवल अपने अध्यापन के माध्यम से, बल्कि सांस्कृतिक आयोजनों, नाट्य मंचन, कवि सम्मेलनों, और साहित्यिक गोष्ठियों द्वारा भी हिंदी के प्रति जनजागरण फैलाया।

औपनिवेशिक काल के अंतिम चरण में और स्वतंत्रता संग्राम के दौरान, दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों जैसे मद्रास, बैंगलोर, मैसूर, तिरुवनंतपुरम और हैदराबाद, गुलबर्गा, धारवाड़ में हिंदी शिक्षण केंद्रों की स्थापना हुई, जिनके संचालन में स्थानीय शिक्षक अग्रणी भूमिका निभा रहे थे। इन शिक्षकों ने हिंदी को केवल एक भाषा के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया।

शैक्षणिक संस्थानों में दक्षिण भारतीय शिक्षकों की भूमिका

दक्षिण भारत के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों में हिंदी विषय के अध्यापन में स्थानीय शिक्षकों ने अत्यंत महत्त्वपूर्ण और ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। अनेक दक्षिण भारतीय विद्वानों ने हिंदी में स्नातकोत्तर एवं शोध स्तर की शिक्षा प्राप्त कर स्वयं को हिंदी साहित्य, भाषा-विज्ञान, व्याकरण तथा अनुवाद-अध्ययन के उन्नयन हेतु समर्पित किया। इन शिक्षकों ने न केवल हिंदी को एक भाषा के रूप में लोकप्रिय बनाया, बल्कि इसे एक सशक्त सांस्कृतिक और बौद्धिक माध्यम के रूप में स्थापित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी में शोध, सृजनात्मक लेखन और आलोचनात्मक अध्ययन के लिए प्रेरित किया, जिससे दक्षिण भारत में हिंदी अध्ययन की शैक्षणिक परंपरा सुदृढ़ हुई।

संस्थागत स्तर पर दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा,मद्रास, उस्मानिया विश्वविद्यालय,हैदराबाद, कर्नाटक विश्वविद्यालय, मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय,हैदराबाद, हैदराबाद विश्वविद्यालय, मैसूर विश्वविद्यालय, बैंगलोर विश्वविद्यालय, अन्नामलाई विश्वविद्यालय, पांडिचेरी विश्वविद्यालय, खाजा बंदानवाज विश्वविद्यालय, गुलबर्गा तथा वी.जी. वीमेंस कॉलेज ,गुलबर्गा जैसे संस्थानों ने हिंदी के पाठ्यक्रम, अनुसंधान और प्रशिक्षण में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इसके साथ ही बैंगलोर स्थित प्रमुख निजी विश्वविद्यालयक्राइस्ट (डीम्ड-टू-बी) यूनिवर्सिटी, जैन (डीम्ड-टू-बी) यूनिवर्सिटी, अज़ीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी और गार्डन सिटी यूनिवर्सिटी ने भी हिंदी भाषा के अध्ययन-अध्यापन में सक्रिय भूमिका निभाई है। इन संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों ने कक्षा शिक्षण के साथ-साथ सेमिनार, कार्यशालाएँ, साहित्यिक गोष्ठियाँ और शोध-परियोजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि और आत्मविश्वास जगाया।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के लागू होने के बाद हिंदी भाषा के अध्ययन-अध्यापन के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध हुए हैं। त्रिभाषा सूत्र, कौशल-आधारित भाषा शिक्षा और अंतर्विषयक दृष्टिकोण के अंतर्गत हिंदी को एक महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय भाषा के रूप में बढ़ावा मिला है। दक्षिण भारतीय शिक्षकों ने इस नीति के अनुरूप नवीन शैक्षणिक पद्धतियाँ अपनाई हैं, जिनमें डिजिटल माध्यम से शिक्षण, बहुभाषी संसाधनों का उपयोग तथा अंतरराष्ट्रीय हिंदी अध्ययन की दिशा में सार्थक पहल शामिल है।

राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में, परिस्थितियाँ कभी-कभी चुनौतीपूर्ण भी रही हैं। विशेषकर जब दक्षिण भारत में विपक्षी राजनीतिक दल सत्ता में होते हैं, तब कुछ राज्य विश्वविद्यालयों में हिंदी शिक्षण पर अप्रत्यक्ष दबाव और भाषा-नीति से संबंधित प्रशासनिक जटिलताएँ देखी गई हैं। इसके बावजूद, हिंदी के प्रति समर्पित शिक्षकों ने अपनी शैक्षणिक प्रतिबद्धता, सांस्कृतिक दृष्टि और भाषा-प्रेम के माध्यम से इस भाषाई और सांस्कृतिक सेतु को मजबूती से बनाए रखा है।

सामाजिक और सांस्कृतिक समरसता के संवाहक

दक्षिण भारतीय शिक्षकों ने हिंदी को केवल शैक्षिक विषय के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक-सांस्कृतिक संवाद और सामुदायिक समरसता का सक्रिय माध्यम बनाकर प्रस्तुत किया है। उनके ये योगदान बहुस्तरीय रहे हैं जैसाकि पाठ्यपुस्तकीय शिक्षण से परे जाकर वस्तुगत कार्यक्रमों, लोक-परंपरागत संवादों, अनुवाद और बहुभाषिक संयुक्त पहलों तक विस्तृत हैं जिनका प्रभाव क्षेत्रीय सामुदायिक जीवन, शैक्षणिक संस्कृति और अंतरभाषिक समझ पर स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।

1.शिक्षण-संस्थानों द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम (हिंदी दिवस, हिंदी-सप्ताह, कवि सम्मेलन, नाट्य-प्रस्तुति, कहानी-पाठ, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएँ) ने विद्यार्थियों और स्थानीय समाज को हिंदी से भाविक और व्यवहारिक रूप से जोड़ने का कार्य किया। इन आयोजनों में शिक्षकों की भूमिका न केवल आयोजक की रही, बल्कि वे मार्गदर्शक, समस्या-समाधानकर्ता और प्रेरक के रूप में सक्रिय रहे हैं, उन्होंने स्थानीय विषयों को हिंदी माध्यम में प्रस्तुत करने के अवसर दिए, स्थानीय लोककथाओं और रीति-रिवाजों का हिंदी अनुवाद कर सामुदायिक स्मृति को संग्रहित किया तथा बहुभाषिक मंचों पर पारस्परिक संवाद सक्षम किया।

2.नाट्य और साहित्यिक सक्रियता ने भाषा-जानकारी को सजीव कर दिया। शिक्षक-निर्देशित नाट्य समूहों ने स्थानीय विषयों पर हिंदी नाट्य मंचन कर भाषा के भावनात्मक और सामाजिक पक्ष को उजागर किया; कवि-सम्मेलनों व कहानी-पाठ ने भाषा-रुचि को बढ़ाया तथा साहित्यिक कार्यशालाओं ने रचनात्मक लेखन हेतु मंच उपलब्ध कराया। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास तथा सांस्कृतिक सहानुभूति विकसित हुई है। परिणामतः हिंदी का स्वीकार्य स्वरूप भीतर से बाह्य समाज तक विस्तृत हुआ।

3. अनुवाद और तुलनात्मक साहित्य पर शिक्षकों का कार्य सांस्कृतिक सेतु बनाने में निर्णायक रहा है। दक्षिण भारतीय भाषाओं के प्रमुख ग्रंथों का हिंदी में अनुवाद तथा हिंदी साहित्य का द्राविड़ भाषाओं में अनुवाद सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ाते हैं। शिक्षकों द्वारा निर्देशित अनुवाद परियोजनाएँ, द्विभाषिक पाठ्यपुस्तकें और शब्दकोश-उपरियोजनाएँ भाषायी अवरोध घटाकर ज्ञान-सामूहिकता को बढ़ाती हैं और शोध के लिए समृद्ध स्रोत उपलब्ध कराती हैं।

4. सामुदायिक सहभागिता और आउटरीच गतिविधियाँ  जैसे ग्राम स्तर पर हिंदी कक्षाएँ, स्वयंसेवी शिक्षण शिविर, रेडियो/स्थानीय टीवी कार्यक्रमों में भाषण-सत्र, तथा डिजिटल माध्यमों (यूट्यूब चैनल, पॉडकास्ट, वेबिनार) द्वारा प्रकाशित शिक्षण-सामग्री ने हिंदी को शहरी अकादमी से निकाल कर ग्राम-नगर के संवाद में स्थापित किया। विशेषकर बहुभाषिक एवं अल्पसंख्यक पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों के लिए ऐसे कार्यक्रम सहज प्रवेशद्वार बने, जिससे सामाजिक समावेशिता को बल मिला।

NEP-2020 के अनुप्रयोग के संदर्भ में शिक्षकों ने सांस्कृतिक गतिविधियों को पाठ्यक्रम के साथ जोड़कर परियोजना-आधारित शिक्षण, अंतर्विषयक कार्य और अनुभवात्मक शिक्षण के माध्यम से भाषा-अधिगम को व्यवहारिक बनाया गया। इस नीति के बहुभाषिक सिद्धांतों ने शिक्षकों को स्थानीय सामग्री, अनुवाद तथा क्षेत्रीय-सांस्कृतिक विषयों को पाठ्य में समाहित करने हेतु वैधता प्रदान की, जिससे भाषा-संवर्धन और सांस्कृतिक आत्म-सम्मान दोनों को प्रोत्साहन मिला।

फिर भी, इस प्रयत्न में चुनौतियाँ भी रही है भाषाई मामलों का राजनीतिककरण, संसाधन-अभाव, अनुवाद एवं प्रकाशन के लिए वित्तीय सीमाएँ, शिक्षकों पर प्रशासनिक भार और कभी-कभी शैक्षणिक कार्यभार के कारण सामुदायिक गतिविधियों के लिए सीमित समय। कुछ प्रदेशों में भाषा-नीति संबंधी संवेदनशीलताओं के चलते सार्वजनिक कार्यक्रमों को स्वीकृति प्राप्त करने में देरी या व्यवधान का सामना भी करना पड़ा। इन बाधाओं के बावजूद, शिक्षकों की समर्पित पहल ने अक्सर पारस्परिक समझ और सामाजिक जुड़ाव को बनाए रखा।

अंततः दक्षिण भारतीय शिक्षकों द्वारा संचालित सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम न केवल भाषा-ज्ञान बढ़ाने में सहायक रहे, बल्कि उन्होंने उत्तर-दक्षिण भाषिक दूरी को घटाकर एक व्यावहारिक भाषा-सेतु का निर्माण किया। सुझाव के रूप में, इन पहलों को दीर्घकालिक प्रभावशीलता देने हेतु संस्थागत पूँजी, अनुदान आधारित अनुवाद परियोजनाएँ, डिजिटल आर्काइविंग, शिक्षक-प्रशिक्षण कार्यशालाएँ तथा नीति-स्तर पर NEP-2020 के अनुरूप वित्तीय व प्रशासनिक सहयोग आवश्यक है तभी यह सांस्कृतिक समरसता के संवाहक और अधिक प्रभावी एवं सतत बनकर रहेंगे।

प्रेरणास्पद शिक्षकों के उदाहरण

प्रो. एस. वी. एस. नारायण राजू तमिलनाडु की अकादमिक और सांस्कृतिक जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने हिंदी भाषा को केवल एक संचार माध्यम के रूप में नहीं, बल्कि एक जीवंत अनुभव एवं सांस्कृतिक सेतु के रूप में प्रस्तुत किया है। उनकी बहुभाषिक दक्षता हिंदी, तमिल, तेलुगु एवं अंग्रेज़ी में समान रूप से निहित है। शिक्षण एवं शोध में उन्होंने स्थानीय सांस्कृतिक तत्वों को हिंदी भाषा के माध्यम से इस प्रकार आत्मसात कराया कि तमिल और तेलुगु लोककथाएँ, ऐतिहासिक गाथाएँ एवं सामाजिक मुद्दे विद्यार्थियों एवं साहित्य प्रेमियों के लिए न केवल सहजगम्य बने, बल्कि भारतीय संस्कृति की समग्रता और गहनता को भी सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।

शोध और मार्गदर्शन के क्षेत्र में प्रो. नारायण राजू की भूमिका प्रेरणादायक रही है। उनके निर्देशन में लगभग 94 शोधार्थियों ने M.Phil. और Ph.D. की डिग्रियाँ प्राप्त की हैं। कोविड-19 के दौरान उन्होंने शिक्षा के डिजिटल रूपांतरण को तीव्रता से अपनाया और यूट्यूब पर लगभग 1,200 शैक्षणिक वीडियो उपलब्ध कराए, जिनमें भारतीय ज्ञानपरंपरा, रामचरितमानस,सूरदास,बिहारी, कबीर,घनानंद, कामायनी तथा समकालीन साहित्य के विविध पहलुओं पर गहन व्याख्यान सम्मिलित हैं। इन वीडियो न केवल विद्यार्थियों के लिए अध्ययन सामग्री का अमूल्य स्रोत प्रदान किया, बल्कि हिंदी शिक्षा को वैश्विक स्तर पर सुलभ बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

राष्ट्रीय स्तर पर वे अनेक पाठ्यक्रम-निर्माण समितियों के सक्रिय सदस्य रहे हैं तथा विभिन्न संस्थानों में पद पर सेवाएँ प्रदान कर चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उनका योगदान उल्लेखनीय है, जब भारत सरकार ने उन्हें विज़िटिंग प्रोफेसर के रूप में बुल्गारिया भेजा, वहाँ उन्होंने हिंदी भाषा और संस्कृति के प्रसार में अपना बखूबी योगदान दिया।

वर्तमान में प्रो. नारायण राजू तमिलनाडु केंद्रीय विश्वविद्यालय में हिंदी विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। उनका व्यक्तित्व परंपरा और आधुनिकता, क्षेत्रीयता और वैश्विकता तथा भाषा और संस्कृति के मध्य एक सेतु का प्रतीक है। उनके कार्यों ने दक्षिण भारत ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हिंदी भाषा की प्रतिष्ठा को सुदृढ़ किया है। उनका जीवन और कार्य यह प्रमाणित करता है कि जब दृष्टि व्यापक और उद्देश्य स्पष्ट हो, तो भाषा सीमाओं को पार कर, लोगों के हृदयों को जोड़ने का माध्यम बन सकती है।

प्रोफेसर ऋषभदेव शर्मा हिंदी साहित्य के क्षेत्र में प्रतिष्ठित विद्वान, कवि, लेखक, समीक्षक और संपादक हैं, जिनका योगदान दक्षिण भारत में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार तथा शिक्षण में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। वे दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा से जुड़े रहे और वहाँ से सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हुए। वर्तमान में वे मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय हैदराबाद में मार्गदर्शक एवं परामर्शदाता के रूप में सक्रिय हैं। उनकी शैक्षणिक यात्रा हिंदी साहित्य, भाषा-शास्त्र, आलोचना तथा अनुवाद के क्षेत्र में गहन शोध और प्रभावशाली शिक्षण से युक्त है।

प्रो. शर्मा की रचनात्मकता कविताओं, आलोचनात्मक लेखों, संपादन कार्यों तथा भाषाविज्ञान के अध्ययन तक फैली हुई है। उन्होंने हिंदी साहित्य के अध्ययन को केवल शैक्षणिक सन्दर्भ तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे सामाजिक-सांस्कृतिक विमर्श से जोड़ते हुए आधुनिक संदर्भों में भी प्रभावी बनाया। उनका मानना है कि भाषा और साहित्य सामाजिक परिवर्तन और सांस्कृतिक समरसता के संवाहक हैं। इसी दृष्टिकोण के कारण वे तुलनात्मक साहित्य, भाषाई सांस्कृतिक अध्ययन और अनुवाद कार्यों में भी सक्रिय रहे हैं।

वे अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों, कार्यशालाओं और शोध परियोजनाओं में प्रमुख भूमिका निभा चुके हैं। साहित्यिक संपादन के क्षेत्र में भी उन्होंने हिंदी साहित्य की समृद्धि के लिए कई महत्वपूर्ण पत्रिकाओं और विशेषांकों का संपादन किया है, जिससे हिंदी साहित्य की नयी दिशाओं को मजबूती मिली। उनकी संपादकीय योग्यता और आलोचनात्मक दृष्टि ने हिंदी साहित्य में नवाचार और शोध को प्रोत्साहित किया।

डिजिटल युग के आगमन के साथ, प्रो. शर्मा ने हिंदी साहित्य को नवाचार की ओर ले जाने का कार्य भी किया है। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने हिंदी साहित्य के विभिन्न विषयों पर शैक्षणिक ई-कंटेंट तैयार किया, जिससे देश-विदेश के विद्यार्थी और शोधार्थी लाभान्वित हुए। वे हिंदी साहित्य के कवि, कहानीकार, आलोचक और प्रमुख साहित्यिक आंदोलनों की व्यापक व्याख्या डिजिटल माध्यमों के जरिए उपलब्ध कराते हैं, जो शैक्षणिक एवं सामाजिक दृष्टि से अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं।

उनके मार्गदर्शन में अनेक शोधार्थियों ने सफलतापूर्वक लघु शोध एवं पीएच.डी. उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने हिंदी और दक्षिण भारतीय भाषाओं के बीच बहुभाषिक संवाद को सशक्त किया है, जिससे क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर भाषाई एकता और सांस्कृतिक समरसता को बल मिला है।

प्रोफेसर सी. जयशंकर बाबू, पांडिचेरी विश्वविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष, समकालीन हिंदी अध्यापन, तुलनात्मक साहित्य, भाषिक-सांस्कृतिक विमर्श एवं अनुवाद अध्ययन के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान रखते हैं। उन्होंने दक्षिण भारतीय भाषाओं में विशेषतः तमिल और तेलुगु के साथ हिंदी के अंतर्संबंधों पर केंद्रित शोध-परंपरा को न केवल सुदृढ़ किया, बल्कि बहुभाषिक संदर्भ में साहित्य की नई व्याख्याओं को भी अकादमिक विमर्श में स्थापित किया। उनके मार्गदर्शन में शोधार्थियों ने बहुभाषी साहित्यिक संवाद, अनुवाद के विविध आयाम तथा भाषा-प्रौद्योगिकी के प्रयोग पर महत्त्वपूर्ण शोधकार्य संपन्न किया है। उन्होंने यूजीसी की ‘स्वयं’ (SWAYAM) योजना के अंतर्गत भाषा-प्रौद्योगिकी का परिचय तथा अन्य रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम विकसित कर हिंदी के ई-कंटेंट को समृद्ध बनाया है। प्रो. बाबू के शैक्षिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त है, जिसका प्रमाण भारत के महामहिम राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान (2024) है। इसके अतिरिक्त, वे गृह मंत्रालय, भारत सरकार की हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य के रूप में हिंदी भाषा नीति और कार्यान्वयन में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने तकनीक-आधारित शिक्षण, बहुभाषिक संगणन, न्यू मीडिया अध्ययन और डिजिटल ह्यूमैनिटीज़ के क्षेत्र में 30 से अधिक विशिष्ट पाठ्यक्रमों का निर्माण किया है तथा सैकड़ों कार्यशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को नवीन शैक्षणिक प्रवृत्तियों से परिचित कराया है। इस प्रकार, प्रो. जयशंकर बाबू न केवल हिंदी के विद्वान अध्येता हैं, बल्कि वे हिंदी के अकादमिक और डिजिटल भविष्य को आकार देने वाले दूरदर्शी शिक्षाविद् है।

प्रोफेसर आर. एस. सर्राजु हिंदी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में एक सम्मानित विद्वान एवं शिक्षाविद् हैं, जिन्होंने तुलनात्मक साहित्य, कार्यात्मक हिंदी, अनुवाद अध्ययन, और तकनीकी शब्दावली के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने हैदराबाद विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व प्रमुख के रूप में न केवल शोध एवं शिक्षण को प्रोत्साहित किया, बल्कि दलित, आदिवासी एवं अनुवाद अध्ययन जैसे विशिष्ट क्षेत्रों में भी नई दिशाएँ प्रदान कीं। उनके निर्देशन में अनेक शोधार्थियों ने पीएच.डी. तथा एम.फिल. की उपाधियाँ प्राप्त की हैं, जिनके शोध विषय हिंदी और दक्षिण भारतीय भाषाओं के अंतःसंबंधों से जुड़े रहे।

तकनीकी शब्दावली के क्षेत्र में प्रो. सर्राजु का योगदान विशेष उल्लेखनीय है। वे भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अधीन ‘भारतीय भाषा समिति’ में वरिष्ठ विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत हैं, जहाँ उन्होंने हिंदी भाषा के तकनीकी और वैज्ञानिक शब्दावली के विकास एवं मानकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस कार्य से हिंदी को समकालीन तकनीकी और व्यावसायिक क्षेत्रों में प्रभावी बनाने में सहायता मिली है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के क्रियान्वयन में भी प्रो. सर्राजु की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने हिंदी शिक्षा को बहुभाषीय, प्रयोजनमूलक और अनुभवात्मक बनाने हेतु विभिन्न केंद्रीय हिंदी संस्थानों जैसे केंद्रीय हिंदी निदेशालय, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के शैक्षणिक मंडलों में सक्रिय भागीदारी दी है। इनके मार्गदर्शन में हिंदी शिक्षण और अनुसंधान के लिए रणनीतिक रूपरेखा विकसित हुई है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा दिया है। वे अनेक विदेशी विश्वविद्यालयों में हिंदी शिक्षण और अनुवाद कार्यों में सक्रिय रहे हैं तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में हिंदी भाषा, साहित्य और अनुवाद के विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करते रहे हैं।

साहित्यिक एवं शोध कार्यों के माध्यम से उन्होंने हिंदी भाषा विज्ञान, तुलनात्मक साहित्य, अनुवाद, और भाषा नीति के क्षेत्रों में अमूल्य योगदान दिया है। उनकी प्रकाशित पुस्तकें और शोध-पत्र हिंदी के समकालीन विमर्श को समृद्ध करते हैं और भाषा के बहुआयामी विकास का परिचायक हैं।

अतः प्रो. आर. एस. सर्राजु ने हिंदी भाषा को केवल एक शैक्षणिक विषय के रूप में नहीं, बल्कि एक सामाजिक-सांस्कृतिक, तकनीकी और बहुभाषीय संवाद के माध्यम के रूप में विकसित करने में अद्वितीय भूमिका निभाई है। उनका कार्य हिंदी के समकालीन विकास, अनुसंधान, और तकनीकी शब्दावली के मानकीकरण में मील का पत्थर साबित हुआ है।

दक्षिण भारत में हिंदी शिक्षकों के समक्ष अनेक गंभीर चुनौतियाँ हैं, जो हिंदी शिक्षा के प्रचार-प्रसार में बाधक बनी हुई हैं। सबसे बड़ी समस्या भाषिक विरोध की है, क्योंकि दक्षिण भारत की क्षेत्रीय भाषाएँ जैसे तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम स्थानीय लोगों की पहचान और गर्व का स्रोत हैं। ऐसे में हिंदी को बाहरी भाषा के रूप में देखा जाता है, जिससे हिंदी को स्वीकार्यता मिलने में कठिनाई होती है। इसके अलावा, हिंदी शिक्षण के लिए आवश्यक संसाधनों की भारी कमी भी एक बड़ी बाधा है। विद्यालयों और संस्थानों में पर्याप्त पुस्तकालय, शिक्षण सामग्री, आधुनिक तकनीकी उपकरण और समर्पित प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाने से शिक्षकों का कार्यभार बढ़ जाता है और शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित होती है। इसके साथ ही, पत्र-पत्रिकाएँ, अखबार और मीडिया संस्थान भी हिंदी को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं देते, जिससे हिंदी के प्रति जनता का रुझान कम होता है। क्षेत्रीय भाषाओं के साथ-साथ अंग्रेज़ी की बढ़ती महत्ता ने हिंदी को सीखने में छात्रों की रुचि को और सीमित कर दिया है। रोजगार के अवसरों में कमी भी हिंदी के प्रचार-प्रसार को प्रभावित करती है क्योंकि हिंदी से जुड़े नौकरी के अवसर दक्षिण भारत में सीमित हैं, जिससे छात्र और युवा हिंदी सीखने से कतराते हैं। प्रशासनिक स्तर पर भी हिंदी शिक्षकों को उचित सम्मान, प्रोत्साहन और पदोन्नति के अवसर नहीं मिलते, जो उनकी कार्यक्षमता और मनोबल को प्रभावित करता है। इन तमाम कठिनाइयों के बावजूद, हिंदी शिक्षक अपनी लगन, धैर्य और रचनात्मकता से हिंदी को दक्षिण भारत में एक स्थायी स्थान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने स्थानीय भाषा-परिसर और छात्रों की मानसिकता को समझते हुए शिक्षण के नए-नए तरीके अपनाए हैं, जिससे हिंदी शिक्षा की जड़ों को मजबूत किया जा सका है।

संदर्भ सूची

1. हिंदी प्रचार सभा, मद्रासप्रकाशित इतिहास एवं वार्षिक प्रतिवेदन
2
भारत सरकार, शिक्षा मंत्रालयभाषा नीति दस्तावेज़, 2020

3.  https://shodhganga.inflibnet.ac.in

4. https://india.gov.in/topics/hindi-language

5.  https://sahityakunj.net/हिंदी के प्रचार प्रसार में दक्षिण का योगदान - पद्मावती | साहित्य कुंज