मंगलवार, 24 सितंबर 2019

‘मैं पायल’ उपन्यास की समीक्षा :लिंगभेद की कसौटी पर



Milan Bishno
PhD Scholar
Department of hindi
Central University of tamil nadu ,610005
mail- milanbishnoi@gmail.com
mob-9488246295
                                                                                                                                                      
                             मैं पायल उपन्यास की समीक्षा :लिंगभेद की कसौटी पर
 मानव समाज की सरंचना तीन प्रकार से बनी हैं- नर, नारी एवं नपुसंकलिंगी। सोचनीय बात यह है कि नर और नारी को समाज में आदर सत्कार मिलता है। लेकिन तृतीयलिंगी/ नपुसंकलिंगी को समाज में आदर सत्कार के बजाय उपेक्षित और तिरस्कृत निगाहों से देखा जाता है। लैगिंक विकलांगता के कारण उन्हें उपेक्षित, शोषित होने का दंश झेलने को मजबूर किया जाता है। लैंगिक विकृति वाले इंसान के साथ हो रहे भेदभावों को कथाकार श्री महेंद्र भीष्मजी ने मैं पायल उपन्यास के माध्यम से हमारे सामने प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। उपन्यास की मुख्य पात्रा पायल के किन्नर जीवन में संघर्ष और उनके  परिवार से मिली कष्टदायी पीड़ा को लेखक ने समाज के सामने रखा हैं। इस उपन्यास में लेखक ने किन्नर पायल की वेदना, पीड़ा, संघर्ष के साथ-साथ किन्नर गुरु की अय्याशी का चित्रण किया है, साथ ही साथ पायल जैसे कई लोगों को किस प्रकार जबरदस्ती किन्नर बना दिया जाता है,उन सभी का पर्दाफाश किया गया है। इसमें एक ऐसे किन्नर गुरु का वर्णन किया गया है जो अपने निजी स्वार्थ के लिए पायल जैसी मासूम किशोरी को अपने कुनबे में शामिल करने हेतु जबरन किन्नर बनाने से पीछे नहीं हटते। लेखक ने पितृसत्ता की संकीर्ण मानसिकता का यथार्थ चित्रण किया है। इस बात को उपन्यास में पात्रों के माध्यम से भी बताने की कोशिश की है। दूसरी ओर लेखक ने यह भी दिखाया है कि किस प्रकार समाज अपनी उच्च वर्ण व्यवस्था के घमंड में तृतीय लिंगी औलाद के साथ असहनीय व्यवहार करता रहा ।
            सामान्य समाज के लोग नपुसंकलिंगी सन्तान का पालन-पोषण करने में स्वयं को कलंकित होना मानते है, जबकि  समाज विकलांग, मंदबुद्धि, रोगग्रसित बच्चों का पालन-पोषण प्यार से करता हैं। इस प्रकार अगर तृतीयलिंगी बच्चों की परवरिश भी सही तरीके से की जाए, तो वही बच्चे आगे चलकर समाज में सक्षम होकर समाज के लिए ही एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत हो सकते हैं। इसके विपरीत समाज उन्हें अपनाने से दूर भागते हैं, फिर वे दर-दर की ठोकर खाते हैं। इस संदर्भ में शबनम मौसी किन्नर समाज के प्रति अपना मत प्रकट करती हैं-“लोग कुत्ते को पालते हैं, उनको इज्जत देते हैं, कितने प्यार से उसको खाना खिलाते हैं, अपनी गाड़ियों में बिठाते हैं, बिस्तर पर सुलाते हैं, वह एक कुत्ता है, जब आप उसे जीने का अधिकार देते हो तो किन्नर को क्यों नही?” कथन से स्पष्ट होता हैं कि समाज तृतीयलिंगी लोगों के प्रति कितना असंवेदनशील हैं। आज किन्नर भले ही कहीं लम्बी कतार में दिखाई दे रहे है, परन्तु उनका स्थान हमेशा ही आखिरी छोर रहा है।
            उपन्यास में माँ अपनी बेटी पायल के शरीर को लेकर चिंता जाहिर करती हैं, परन्तु वह हमेशा से ही पायल के प्रति समर्पित रही है, यानि पायल को माँ के प्यार में कभी कोई कमी महसूस नहीं हुई “ईश्वर को पता नहीं क्या मंजूर था अच्छी खासी लड़की जैसी लड़की लगती है।” इस कथन से स्पष्ट होता कि माँ अपनी सन्तान के प्रति भेदभाव नहीं रखती फिर भी उन्हें समाज का भय सताता है। उपन्यास को पढ़ते हुए लगता है कि किस प्रकार लोग समाज में अपने आप को ऊँचा दिखाने के लिए अपनी कोख से पैदा हुए तृतीय लिंगी संतान के प्रति दोहरा व्यवहार करते हैं। यह भी किसी से नहीं छिपा है कि समाज में अधिकतर लोगों को पुत्र मोह अधिक रहा है। मैं समाज से यह प्रश्न करना चाहूंगी कि क्या छोटे बच्चे का लिंग पूर्ण रूप से विकसित होना उसके वश में होता है? कदापि, नही यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया है इस समस्या का विज्ञान भी पूर्ण रूप से समाधान नहीं खोज पायी है, यह फिर समाज जानते हुए भी अनजान क्यों है?
        उपन्यास की पात्रा पायल का जब जन्म होता है तब उसके पिता उसका मुँह तक नहीं देखता हैं क्योंकि उनको एक बेटे की अपेक्षा थी, जो पैदा नहीं हुआ और पायल ने भी विकृत लिंग के साथ जन्म लिया । कुछ दिनों बाद जब पायल स्कूल जाने लायक हो जाती है तब उसे बाहर भेजने से पहले उसके कपड़ो को लेकर बहुत सावधानी बरतते हैं, कि किसी को शक ना हो कि ये हिजड़ा है, इस दौरान पिता का गुस्सा भी साथ ही साथ बढ़ता जाता है, वे पायल को अपने वंश का कलंक मानने लग जाते हैं-“ये जुगनी! हम क्षत्रिय वंश में कलंक हुई हैं, साली हिजड़ा है...आदि न जाने क्या-क्या बकते रहते हैं।” प्रस्तुत उदाहरण से स्पष्ट है कि अगर पिता ही अपनी संतान के साथ इस तरह व्यवहार करेगा तो समाज के अन्य लोग उसे किस दृष्टि से देखेंगे? भले ही पायल के लिए हिजड़ा शब्द अबोधित हैं, लेकिन समय बीतने के साथ-साथ उसे यही शब्द घृणित करते हैं। पायल के पिताजी काम पर जाते समय उसकी माँ से कहते हैं कि पायल को लड़के की वेशभूषा में ही रखना, लड़की के वेशभूषा में नहीं, किन्तु जब वे शाम को लौटकर आते हैं तब पायल को लड़की की पोशाक में देख कर आग-बबूला हो जाते हैं और पायल को  बेरहमी से पीटते हैं। “मैं हिजड़ा हूँ, मैं एक हिजड़े का बच्चा हूँ ...।” अपने साथ इस तरह से अमानवीय व्यवहार होता देख वह मानसिक रूप से कुंठित होकर घर से भाग जाने की तरकीब सोचती है और अंततः भाग जाती है।
            इस उपन्यास की पात्रा पायल ने अपने पिता की असहनीय मार और तकलीफ सहन किया तो वहीं समाज के कष्टों को भी झेला। बड़े भाई राकेश को लोग भड़काते हैं, वे ताने मारते है कि तुम हिजड़े के भाई हो तब राकेश का मन उठ जाता हैं “साला मादर...छक्के का भाई, भाई बड़ा रौब दिखाता है। सब घुसेड़ दूंगा, सारी दादागिरी धरी की धरी रह जाएगी।”  ये शब्द राकेश नशे में बोलता हैं, उन्हें उनके मित्रों ने इस प्रकार ताने दिए, वाकई में समाज के लोग किस तरह की सोच रखते हैं यह हमारे लिए भी चिंता का विषय है। अगर किसी के घर में किन्नर का जन्म होता है तो समाज के अन्य लोगों को लगता हैं कि जैसे उसके भाई-बहन ही अपराधी हैं, एवं उनके साथ अछूतों की भांति व्यवहार किया जाता है। एक समय के लिए राकेश ने भले पायल को भला-बुरा कहा हो, लेकिन फिर भी वह अपनी माँ से पायल को पढ़ाने के लिए कहता है तथा पायल की माँ भी अपनी बड़ी बेटियों की तरह ही उसका पालन-पोषण करती हैं, फिर भी कहीं न कहीं असामान्य शरीर को देख कर वह ईश्वर को कोसती हैं-“ईश्वर को पता नहीं क्या मंजूर था अच्छी खासी लड़की जैसे लगती है। मैं सुनती तो सोचती कि लड़की ही तो हूँ मैं , .ये लड़की जैसी क्या बला है?” यहाँ साधारण रूप से एक माँ की संवेदना दिखाई देती है जो कि एक बच्चे के प्रति होती हैं, पायल इससे बिल्कुल ना समझ है वह स्वयं के अंदर स्त्रीत्व की अनुभूति करती है परन्तु  माँ के विपरीत पिता का व्यवहार पायल के लिए नकारात्मक और कष्टदायी सिद्ध होता है। वे पायल के बाहर जाने को लेकर अति चिंतित हैं क्योंकि उन्हें इस बात का भय है कि समाज को इस सच्चाई पता ना चल जाए कि उनके घर पायल के रूप में एक बेटी नहीं हिजड़ा है। समाज को सर्वोपरि मानकर अपने बच्चों से अमानवीय व्यवहार करना यह निंदनीय है। समाज हम मनुष्यों से ही बनता है जिसमें सबका समान अधिकार है। चाहे वह किसी भी लिंग/जाति/धर्म से संबंध रखता हो। इसके साथ ही हमें यह भी ध्यान रखना आवश्यक है  कि समाज में सर्वप्रथम मनुष्य को मनुष्य के रूप में ही देखना चाहिए ना कि किसी लिंग से जोड़कर। एक दिन रामबहादुर अपनी पत्नी से कहते हैं-“शांति! जुगनी को लड़के की आदत सिखाओ, उसको लड़का बनाकर रखो... वह हिजड़े के रूप में बड़ी होने पर समाज के लोग उसकी शादी-रिश्ते कि बात करेगें, जबकि लड़के के रूप में कोई कुछ नहीं कहेगा...” इस कथन से स्पष्ट होता है कि उनके पिता की चिंता क्या है? और किसलिए? यहाँ उनके मन में समाज का भय बैठा हुआ है, समाज में पितृसत्तामक गुण कूट-कूटकर भरे हुए हैं, जिसके कारण उनकी मानसिकता भी खंडित हो चुकी है और वे  समाज के खिलाफ आवाज उठाने की सोच भी नहीं सकते । जब वे पहली बार पायल को लड़के के पहनावे में देखते हैं, तो अपनी पत्नी से कहते हैं-“देखा शांति, अब तो ये पूरा लड़का लग रहा है, काश! ये हमारा बेटा ही होता।” यहाँ रामबहादुर के कथन से पता चलता है कि एक तो वे पायल की शारीरिक विकृति कपड़ो के माध्यम से छिपाना चाहते हैं और साथ ही उन्हें पितृमोह भी है। स्कूल भेजने की सलाह राकेश देता है, वहीं उनकी माँ को अपने पति के स्वर सुनाई देते हैं-“कान खोलकर सुन ले कमलेश की अम्मा अगली बार में आऊँ और यह साला हिजड़ा लड़की के कपड़े में मिला तो इसे घर से निकाल दूँगा, अपने हाथों से इस साले हिजड़े का खून कर दूँगा।” स्पष्ट होता है कि पिता के मन में अपनी असामान्य औलाद के  प्रति कितना आक्रोश है, वे अच्छे संस्कार देने कि बजाय सिर्फ मारने को तैयार होते है। पिता की तृतीयलिंगी संतान के प्रति सहानुभूति का तो नामों निशान तक नहीं फिर बाहर के लोगों से क्या उम्मीद रखी जाए? प्रत्येक दिन की मार और पिता द्वारा बोले गये ‘हिजड़ा शब्द एक दिन पायल को घर से भागने को मजबूर कर देते हैं। वह स्वयं का विनाश करने का मन बनाती है “न रहेगी यह हिजड़ा न रहेंगे वे ताने जो मुझे और मेरे कारण मेरे परिवार को मिल रहे थे।” इस कथन से स्पष्ट होता हैं हिजड़ा जीवन कितना कष्टदायी होता है, वह अपने परिवार के लिए कुएं में गिरने का सोचती, वह सम्भव नहीं हुआ। आगे जाकर ट्रेन के सामने कूदने का विचार आता हैं वह भी सफल नहीं होता, फिर वह घर की दुनिया छोड़ असली दुनिया में पहला कदम रखती हैं तब ही एक अधेड़ उम्र के मर्द से उनका सामना होता हैं वह उनको बेटा शब्द से सम्बोधित करता है। वह आदमी पायल के पिता की उम्र का है और वह उनकी पिंडली पर हाथ फेरता है कभी जांघ पर और मौके का फायदा उठाकर ट्रेन में उसे पकड़कर चूमता है। यहाँ समाज के लोंगो की वास्तविकता का पता चलता है कि एक तरफ परिवार के लोग हिजड़ो को घर से उठाकर फेंकना चाहते हैं क्योंकि वह हिजड़ा है, वही दूसरे क्षण में दूसरे पुरुष को देखते हैं तो वे भेड़िये की तरह स्त्री देह को नोचना चाहते हैं। पैसे के बल पर शोषण करना व यौन संबंध बनाना चाहते है। “मेरी और बीस रूपये का नोट बढ़ाते हुए कहा, ले रख बाथरुम में आ जाना, पायल के नहीं जाने पर आकर फिर “क्यों री तू आई नहीं...ले पचास का पकड़ आ जल्दी।” स्पष्ट होता हैं कि एक तरफ जब घर में  किन्नर पैदा होता है तब कलंक माना जाता है और पिता और घरवाले कचरे की भांति फेंकने को तैयार होते हैं, जैसे पायल के पिता उसका खून कर रहे थे, फाँसी पर लटकाया दूसरी ओर पुरुष हिजड़े के साथ भूख मिटाना चाहता है तब कलंक, इज्जत कुछ नजर नहीं आती हैं। वहाँ से वह बच जाती हैं, ट्रेन की यात्रा करके दूसरे प्लेटफार्म पर पहुँचती, तब भी जैसे कि आसमान से गिरी और खजूर पर लटकी वाली कहावत यहाँ प्रतीत होती हैं। पायल बेंच पर बैठती तब सिपाही आता और उससे कहता  है कि भाग कर आई हैं? इस तरह की धमकी देते हुए कानून का डर बताता और अपने डंडे के बल पर शारीरिक संबंध बनाकर भूख मिटाना चाहता हैं। अगर बात करें कि देश की समाजसेवा प्रशासन और पुलिस के हाथ में होती है, तो कहना होगा कि यदि इस तरह के पुलिस बैठा दिये जाए तो महिलाओं और किन्नरों के साथ न्याय कहाँ से होगा? जिम्मेदारी को भुलाकर एक सिपाही बेरहमी से अत्याचार करता हैं “ देख थोड़ा मोटा हैं... पर तुझे तकलीफ नही होगी।” क्या यहाँ प्रतीत नहीं होता हिजड़ा किसे कहा जाना चाहिए? किसे तिरस्कृत और उपेक्षित किया जाना चाहिए? हिजड़े वे होते हैं जो गलत काम में हस्तक्षेप करते हैं।
        पायल फिर से बच जाती हैं लेकिन सिपाही के द्वारा उसके साथ अभद्र और निंदनीय व्यवहार हद से ज्यादा किया , लेकिन वह अपनी जिन्दगी की रेस शुरू करने का हौंसला रखते हुए आगे बढ़ती है। घर न जाने का निर्णय लेते हुए भूख-प्यास से पीड़ित हैं, बेघर होकर भिखारियों के साथ, तो कभी किसी के सामने हाथ फैलाकर भूख मिटाती हैं। फिर एक दिन जुगनू बनकर दाँतुन बेचने का काम शुरू करती हैं, बाद में चाय की दुकान पर रहकर तो कभी कैंटीन में रहकर। फिर संतोष सिह के अप्सरा टॉकीज में अच्छा काम शुरू होता है, वहाँ भी समाज में भक्षण भोगी पुरुषों की कमी नहीं है, एक दिन प्रमोद नाम का लड़का पायल का शोषण करता है। उसको वह काम भी छोड़ना पड़ा वहाँ से निकलकर नई राह की तलाश में जुट जाती हैं, तब तक वह एक दिन हाथ किन्नरों के लग जाती हैं। वे कहते है कि अपनी गुरुमाई बहुत खुश होगी। इस प्रकार वे पायल के बारे में कहते हैं कि तुम्हारी दुनिया हमारे साथ हैं, और उसको जबरदस्ती के साथ वहाँ  से ले जाते हैं और चेलों के साथ गुरुमाई पायल को देख स्वागत करती है, किन्नर दुनिया से अवगत कराती है। पायल को किन्नर बनाकर ढोलक की थाँप पर थिरकने की सलाह देते हुए यह पेशा ही अपनाने पर ज़ोर देती है उसके ना मानने पर पायल के प्रति रवैया बदलते हुए पेश आते हैं।
              पायल के लिए वह दुनिया बहुत ही अजीब थी क्योंकि वह किसी के सामने हाथ फैलाना नहीं चाहती थी वह स्वयं को आत्मनिर्भर लड़की के रूप बताते हुए किन्नर गुरु के समक्ष अनुनय-विनय करती हैं, परन्तु गुरुमाई सुनने को तैयार बिल्कुल नही। “मैं हिजड़ा नहीं हूँ तुम लोगों की तरह, मैं एकदम सही लड़की हूँ।” यहाँ किन्नर समाज की असलियत सामने आती हैं, कि जो चेले अपनी गुरु को खुश करने के लिए पायल जैसे कई बच्चों को जबरदस्ती  उठाते हैं, जहाँ गुरुमाताई अपनी कमाई के लिए उन पर दबाव डालती हैं। गुरु स्वयं गलत आदतों की शिकार है और एशो आराम से पैसे लूट रही हैं, उस वर्ग में कुछ हिजड़े न होकर भी किन्नर समूह के साथ वह गुरुमाता के आस-पास मंडराते हैं, जिसमें पप्पू नाम का युवक जो पायल के साथ बदसलूकी करता हैं अर्थात् एक दिन तो हद पार कर लेता है वह पायल को मारता-पीटता है, उसके वस्त्र फाड़कर नग्न  कर देता है। बाकी लोग चुप होकर देखते रहते हैं, पायल घायल होने के बाद खुद को देखती है तब पाती है कि उसके वस्त्र सब फाड़ दिए गये, तब वह कहती है-हिजड़े हम नही हिजड़े वो लोग हैं जो अन्याय को देखते रहे और अपराध करे। पायल की गुरु कई दिनों बाद अस्पताल में उसे देखने जाती तब चेलों से कहती है इसकी अच्छी देखभाल करों क्योंकि इससे अच्छी कमाई होगी। वास्तव में समाज कैसा हैं? यह प्रश्न उठता है, एक तरफ द्विलिंगीय लोग किन्नरों को अपनाते नहीं दूसरी ओर किन्नर भी अपने ही लोगों के साथ अमानवीय व्यवहार कर अपने ही समुदाय में उसका शोषण करते हैं। वहाँ से पायल ठीक होकर फिर से संघर्ष को जारी रखते हुए काम की तलाश में जुट जाती हैं। उसे आकाशवाणी में काम मिलता है, तब पायल पप्पू और गुरुमाई से बदला लेने की ठान लेती है। आखिर पप्पू को वह पकड़कर मित्र की सहायता से मारती हैं।यह बात पीछे क्षत्रिय समाज के कलंक की जो उसके पिता कर रहे थे, वही पायल उनको सक्षम होकर गलत साबित करती है। वह अच्छी नौकरी करती हैं और अपने परिवार के प्रति समर्पण भाव रखते हुए माँ से चोरी-छिपे मिलती भी हैं। पैसों के द्वारा उनकी सहायता भी करती है जिससे भाई-बहनों की शादी में उनकी कुछ मदद हो जाए। पायल के लिए फिर भी घर जाना सम्भव नहीं था, खुद को तकलीफ में पाकर भी वह अपने आपको सम्भालती है। वह धीरे-धीरे किन्नर का पेशा अपनाती है और एक सफल किन्नर गुरु भी बनती हैं।
            इस उपन्यास के माध्यम से हमें ना सिर्फ पायल की समस्याएँ देखने को मिलती हैं बल्कि इसमें तृतीयलिंगी औलाद के प्रति एक माँ की ममता और पिता का पितृसत्तामक आक्रोश देखने को भी मिलता है। किन्नर को सर्वप्रथम घर से तिरस्कृत, उपेक्षित किया जाता है, अगर वहीं अच्छी शिक्षा दी जाए तो वे ताली बजाने का पेशा शायद ही अपनाएंगे। सामान्य समाज के लोगों ने अपने स्वार्थ के खातिर इन लोगों को हाशिये की परिधि पर धकेल दिया तथा कई सालों से इनके साथ अमानवीय व्यवहार करते नज़र आ रहे हैं। लेकिन पायल जैसी संघर्षशील पात्रा से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। इस प्रकार कह सकते है कि आज किन्नरों को समाज में अपनाने की शुरूआत किन्नर के पैदाइशी परिवार को करनी चाहिए ।  उनको शारीरिक और मानसिक रूप से  प्रताड़ित करके विस्थापित ना करे। यदि घर में ही उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाएगा तो फिर समाज के अन्य लोग उन्हें परेशान करेंगे ही। इसलिए हम सभी तृतीयलिंगी वर्ग को उपेक्षित और तिस्कृत करने की बजाय उन्हें समानता की दृष्टि से देखें । ताकि वें भी अपना जीवन हमारी ही तरह सामान्य जीवन जीने हौंसला और जज्बा रख सके ।  
सन्दर्भ ग्रन्थ सूची :-
1.        मैं पायल उपन्यास, महेद्र भीष्म , अमन प्रकाशन 2017
2.        भारतीय साहित्य एवं समाज में तृतीयलिंगी विमर्श ,अमन प्रकाशन 2017
3.        मनमीत पत्रिका (किन्नर विशेषांक )
                                                                                                                                                                


सोमवार, 23 सितंबर 2019

माई मनीषा महंत और मिलन बिश्नोई की बातचीत - किन्नर जीवन के अनछुए पहलूओं की पड़ताल में...


माई मनीषा महंत और मिलन बिश्नोई की बातचीत -  किन्नर जीवन के अनछुए पहलूओं की पड़ताल में...
Milan Bishnoi
Research Scholar, Department of Hindi
Central University of Tamilnadu.
Gmail- milanbishnoi@gmail.com

A talk With 'Transgender welfare Board Haryana's President Mai Manish Mahnt  (10th May 2019)

1.   मिलन बिश्नोई - आपके बारें में बहुत कुछ सुना लेकिन मैं आपके जन्म स्थान, परिवार और शिक्षा के बारें में जानना  चाहती हूं ?
माई मनीषा महंत - मेरा जीवन बिल्कुल देसी देहाती है। हालांकि मेरा जन्म ओर शुरूआती पढ़ाई हरियाणा के करनाल शहर में हुई,लेकिन उसके बाद जीवन में बहुत सारे उतार-चढ़ाव देखते हुए मैं हरियाणा के गुहला-चीका जिला कैथल के गाँव भून्ना में आ गई ओर आज गद्दीशीन गुरू मंगलमुखी किन्नर समाज की हैसियत से यहीं पर रहती हूँ। करनाल में मेरे मम्मी-पापा के अलावा परिवार में चार बहन-भाई ओर थे ओर मैं एक मध्यवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती हूँ।
2.   मिलन बिश्नोई - दीदी आप माँ का हमेशा जिक्र करती हो और फिर अपनी माँ से दूर क्यों रहना पड़ता है?
माई मनीषा महंत - मैं समझती हूँ कि शारीरिक दूरी जितनी पीड़ादायक होती है,वहीं आत्मिक मिलन उतनी ही संतुष्टि देता है ओर मेरा मेरे परिवार के साथ कुछ ऐसा ही अनुभव है। रही बात माँ से दूर रहने की तो ये एक घृणित सामाजिक प्रथा है,जिसका धीरे-धीरे अंत हो रहा हैं, ये परम्परा अब दम तोड़ रही है। उम्मीद करते हैं कि भविष्य में किसी को ये सब अनुभव नहीं करना पड़ेगा।
3.   मिलन बिश्नोई - आप भी एक माँ के रूप में दो बच्चियों का पालन-पोषण कर रही है तो इन्हें गोद लिया तब समाज और सरकार के साथ आपका संघर्ष कैसा रहा?      
माई मनीषा महंत -  हाँ! माता रानी की कृपा से मैं दो बेटियों की माँ हूँ ओर किन्नर रूप में माँ बनना अपने आप में जीते जी स्वर्ग की अनुभूति करने जैसा है। रही बात दो-चार घटिया मानसिकता के लोगों को छोड़कर अन्य की बात करूँ,तो मुझे तकरीबन बहुत अच्छा रिस्पांस मिला, सभी ने खुशी भी जाहिर की ओर मुझे सहयोग भी किया। हाँ! कानूनी रूप से बहुत सारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा,लेकिन अब सब ठीक है। बल्कि अब किन्नरों के बच्चा गोद लेने के मामले को लेकर कोर्ट जाने की तैयारी में हूँ,ताकि जो परेशानियाँ मुझे सहन करनी पड़ी, भविष्य में किसी के साथ ऐसा न हो।
4.   मिलन बिश्नोई - आप कितने भाई-बहन हैं और क्या अब सभी आपसे मिलते रहते है?
माई मनीषा महंत - हम पांच भाई-बहन हैं ओर अब रिश्ते वैसे नहीं हैं। कभी कोई काम होता है या फिर सुख-दुख के समय ही मिल पाते हैं । छोटी बहन की शादी से पहले रिशते बहुत अच्छे थे,लेकिन शादी के बाद उससे भी कभी मिलना नहीं होता या फिर शायद वो सब अपनी-अपनी गृहस्थी में व्यस्त हैं। इससे ज्यादा सोचने के सिवाय हम कर भी क्या सकते हैं।
5.   मिलन बिश्नोई - आप इतनी कम उम्र में किन्नर बोर्ड की अध्यक्ष बन गई...इस सफल संघर्ष के बारे में जानना चाहती हूँ?
माई मनीषा महंत - किन्नर बोर्ड की अध्यक्ष बनने को मैं सफलता नहीं समझती,बल्कि ये जिम्मेदारी है।जो समाज ने हमारे कंधे पर डाली है, सफलता तो तब होगी। जब हम अपने समाज को मुख्यधारा में लाकर खड़ा कर देगें ओर तब मेरे समाज की पहचान ताली बजाना या घुंघरू बजाना नहीं,बल्कि उनकी शिक्षा ओर उनका वो ओहदा होगा,जिस पर वो शिक्षित हो करके बैठेगें।
6. मिलन बिश्नोई- धारा 377 के बारें में आपकी क्या राय है?
माई मनीषा महंत - मैं 377 पर   कोई चर्चा करना नहीं चाहती। क्योंकि मैं समझती हूँ कि जिन्होंने इसके लिए संघर्ष किया,बहुत अच्छा किया। लेकिन मैं इस विषय पर कटु टिप्पणी करके किसी की भावनाओं को आहत नहीं करना चाहती।
7.   मिलन बिश्नोई - आजकल किन्नर अखाड़े बने है और मंडलेश्वर भी बनाये जा रहे तो इससे किन्नर समाज को क्या फायदा होगा ?
माई मनीषा महंत - बिल्कुल फायदा होगा,किन्नर अखाड़ा ओर महामंडलेश्वर बनने से हमें हमारी खोई हुई वैदिक-सनातनी पहचान वापस मिलेगी ओर किन्नर समाज धार्मिकता से जुड़ कर सात्विकता की ओर बढ़ेगा । हालांकि हम तो है ही जन्मजात के संत, हमें संत होने का सर्टिफिकेट भी नहीं चाहिए । लेकिन हमारी वास्तविक पहचान ही सनातन है । तो बिल्कुल ये ही एक हमारी अच्छी शुरूआत है।
8.   मिलन बिश्नोई -   देश में किन्नर बहुत कम पढ़े-लिखें हैं फिर भी उनके रोजगार के लिए क्या प्रावधान करने चाहिए ?
माई मनीषा महंत - बिल्कुल 99.9 किन्नर समाज अनपढ़ है। सरकार को इन्हें शिक्षा से जोड़ने के लिए अनेकों योजनाएं उपलब्ध करवानी होगी, ताकि आने वाली नस्लों का भविष्य सुनिश्चित हो सके ओर साथ ही इन्हें शैक्षणिक,राजनीतिक एवं विशेष सामाजिक अधिकार भी देने होंगे । ताकि आम लोगों द्वारा विभिन्न प्रकार से की जाने वाली इनकी प्रताड़ना पर रोक लग सके।
9.   मिलन बिश्नोई -  आने वाले वर्तमान समय और भविष्य में किन्नरों की शिक्षा के बारें में आप लोग क्या सोच रहे है ...सरकार से कुछ मांग की गई है ?
माई मनीषा महंत- बेशक हम चाहते है कि आने वाली किन्नर पीढ़ी पूरी तरह शिक्षा एवं रोजगार से जुड़ी हुई होनी चाहिए। मैंने डॉ. भीमराव अंबेडकरजी को पढ़ा है ओर मैंने समझा है कि अगर किसी भी पिछड़े वर्ग को मुख्यधारा में लाना है तो उन्हें कुछ विशेषाधिकार देने ही होगें। वरना पहले की तरह विकसित जातियां उनका यूँ ही शोषण ओर तिरस्कार करते रहेगी। जब तक किन्नरों को राजनीति,शिक्षा एवं रोजगार में आरक्षण के रूप में विशेषाधिकार नहीं मिल जाते,ये तब तक पिछड़े ही रहेगें। वर्तमान समय में किन्नर समाज अपना जो बधाई मांगने का कार्य करता है, उससे छेड़छाड़ किए बिना,अगर हम नई पीढ़ी को शिक्षा से जोड़ने में कामयाब हो जाते हैं तो ये बिल्कुल वैसा ही होगा जैसे हम ब्रिटानिया से कोहिनूर हीरा ले आए हो। लेकिन  विशेषधिकार के बिना ये संभव नहीं है, क्योंकि किन्नरों को लेकर के लोगों की मानसिकता बहुत घृणित है।
10.  मिलन बिश्नोई -  साहित्य में किन्नर विमर्श काफी उभरकर आया है आपकी इसके प्रति क्या धारणा है ?
माई मनीषा महंत - साहित्य एक ऐसा मंच है,जो मुर्दों को भी जिंदगी दे सकता है। किन्नर विमर्श होना,यह इस बात का संकेत है कि हम सही रास्ते पर हैं। लेकिन अगर किन्नर समाज साहित्य से जुड़ जाए तो सोने पे सुहागा वाली बात हो जाएगी। साहित्य के जरिए लोग किन्नरों के प्रति सकारात्मक सोच भी अपना रहे हैं और उनकी भावनाओं को भी समझ रहे हैं । कुल मिलाकर ये प्रयास भी सराहनीय है ओर किन्नर विमर्श पर कार्य करने वाले सभी लोग बधाई के पात्र हैं।
11.   मिलन बिश्नोई - आप भी कहानी और कविताएं लिखती है फिर अपनी आत्मकथा लिखने के बारें में क्यों नहीं सोचा? अगर लिखोगें तो लोगों को सीखने व समझने और पढ़ने का अवसर  का मिलेगा।
माई मनीषा महंत - कहानियाँ ओर कविताएं लिखने का शौक मुझे बचपन से है, मेरे दिल की बात जो मैं किसी से साझा नहीं करना चाहती थी।उन्हें मैं कहानी या कविता के रूप में लिख लेती थी, जिससे मेरे दिल का बोझ कुछ हल्का हो जाता था। मेरी आत्मकथा के बारे में अभी सोचा नहीं है,अब आपने कहा है तो इस पर भी जरूर विचार करेंगे।
12. मिलन बिश्नोई - किन्नर शब्द का अर्थ आप से समझना चाहती हूँ क्योंकि किन्नर शब्द काफी विवादित रहा है. और हिजड़ा जैसे शब्दों का प्रयोग करना मैं उचित नहीं समझती।
माई मनीषा महंत - किन्नर शब्द के साथ भी बहुत-सी भ्रातियाँ जोङ दी गई हैं और हिजड़ा आम भारतीय शब्द नहीं है,बल्कि ये उर्दू ओर अरबी के मेल से बना है। तृतीयलिंगी शब्द एक सांकेतिक शब्द है,जो स्पष्ट करता है कि जिस व्यक्ति के बारे में आप चर्चा कर रहे हैं। वो पहले दो लिंग,पुरूष लिंग या स्त्री लिंग से भिन्न है। हालांकि हमारे भारतीय ग्रंथों में किन्नरों को स्पष्ट रूप से किन्नर ही कहा ओर लिखा गया है। लेकिन फिर समय के साथ-साथ न जाने कब इस मुगलई शब्द हिजड़ा ने अपनी जगह बना ली।वैसे भी इतिहास में भी आपको किसी पात्र के पूर्ण मनुष्य न होने के संकेत मिले,तो आप समझ जाइए कि वहां चर्चा किन्नरों के विषय पर ही है।
13. मिलन बिश्नोई - संघर्षमयी समय में किन्नर बच्चों का मानसिक विकास किस तरह होता है।इन सब तकलीफों के बावजूद भी वे अपने आप को कैसे मजबूत बनाएं रखते हैं।
माई मनीषा महंत - संघर्षमय जीवन का किन्नरों की मानसिकता पर बहुत ही बुरा असर पड़ता है,जिसके कारण वे कठोर दिल के हो जाते हैं और कई बार तो दूसरों की भावनाओं को भी नहीं समझ पाते। लेकिन स्थिति को बदलने के लिये आम लोगों को किन्नरों के साथ सामान्य व्यवहार करना होगा,ताकि उनमें भी इंसानियत जिंदा रहे। किन्नरों के कठोर सा कमजोर मिजाज के लिए हमें  और आपकों  मिलकर  प्रयास करना होगा. और ये सब ताने देने से नही,बल्कि इंसानियत दिखाने से होता है।
  14. मिलन बिश्नोई- बढ़ती बेरोजगारी के कारण युवाओं का मानसिक संतुलन काफी हद तक हम बिगड़ता देख रहे हैं कुछ युवाओं को सुसाइड करते हुए भी देख रहें है। तो किन्नर युवाओं की क्या स्थिति हैं और वे स्वयं मानसिक संतुलन किस प्रकार बनाएं रखते हैं?
माई मनीषा महंत - बेरोजगार युवाओं की तरह किन्नर भी आत्महत्या करते हैं और इसका आकड़ा भी चौंकाने वाला है।लेकिन सामाजिक रूप से इन मामलों को दबा दिया जाता है और सामाज इन मामलों को बाहर आने ही नहीं देना चाहता। ये सब बचपन से ही मानसिक तनाव,अकेलापन ओर हर दिन परिवार एवं लोगों के तानों के कारण होता है। मैं बिल्कुल नहीं कहूंगी कि इस मामले में किन्नर समाज बहुत मजबूत है।
15. मिलन बिश्नोई- साहित्य में किन्नरों की गुरु परम्पराओं का उल्लेख किया गया है। मैं आपसे जानना चाहती हूँ कि वे शिष्य को किस आधार पर और कैसे बनाते है?
माई मनीषा महंत - मुझे यह बताते हुए बिल्कुल गर्व होता है कि किन्नर समाज में गुरू-शिष्य परम्परा आज भी जीवित है ओर आज भी इसका वैसे ही पालन भी होता है। किन्नर समाज में शिष्य बनाने के लिए शिष्य बनने वाला पात्र उस डेरे (किन्नरों का घर) के नियमों का पालन करने में सक्षम हो तो कुछ सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ उसे शिष्य मान लिया जाता है।जैसे किसी को शिष्य बनाने से पहले उसे नई दुल्हन की तरह ही सात दिन तक हल्दी यानि उबटन लगाई जाती है। फिर उसे तैयार करके अपने शहर भर के प्रमुख मंदिरों में पूजा के लिए ले जाते है। फिर सभी उसे उपहार देते हैं और गुरू भी कुछ उपहार देकर उसे शिष्य मान लेती है।
16. मिलन बिश्नोई- किन्नर समाज के रीति-रिवाज और संस्कारों के बारें में जानना चाहती हूँ।
माई मनीषा महंत - किन्नर समाज में अनेकों धर्म,संप्रदाय और विचारधाराएं है। जो हर राज्य में अलग-अलग है। जैसे कि हम हरियाणा-पंजाब के किन्नर राजाओं के दरबारी किन्नर हैं ओर हमारे पास जो पुराने दस्तावेज है,वो भी राजाओं द्वारा बनाए गए दस्तावेज है। इसलिए हमारी बहुत परम्पराएं राजसी परम्पराओं से मिलती-जुलती है। प्रत्येक राज्य की अपनी अलग परम्पराएं और मान्यताएं है,जिन्हें शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता । अकेले हरियाणा-पंजाब में सूफी विचारधारा से संबंधित है। बाकी जो जिस धर्म की आस्था रखता है, वो उसी के मुताबिक ही चलता है। हालांकि किन्नरों में इस्लामीकरण भी धड़ल्ले से हो रहा था, जिसमें किन्नर अखाड़ा बनने के बाद बहुत तेजी से कमी आई है।
17. मिलन बिश्नोई -हमें साहित्य में पढ़ने को मिलता है कि किन्नर की मृत्यु के पश्चात शव को मारते-पीटने है और शव को रात में दफनाने ले जाते है क्या ऐसा होता है?
माई मनीषा महंत - अब पता नहीं कि ऐसी अफवाह कौन फैलाता है कि किन्नर समाज रात में शव यात्रा निकालता है। उसे मारते-पीटते भी हैं, ये सुनने में ही इतना असभ्य लगता है तो कोई ऐसा कैसे कर सकता है। जब किसी किन्नर की मौत होती है तो अंतिम संस्कार में उसके घरवाले ओर उसके आस-पड़ोस वाले भी शामिल होते हैं,तो जिस इंसान,परिवार या मौहल्ले–पड़ोस वाले ने किसी मरने वाले के साथ सारी उम्र बिताई हो। तो वे उसकी देह के साथ ऐसा कैसे करने दे सकते हैं, वो भी तब जब आप भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में रहते हो,जहाँ संविधान ही सर्वोपरि है।ये सिर्फ एक अफवाह है,जिसे साहित्यकारों,कहानीकारों और फिल्म वालों ने फैलाया है।
18. सामान्य समाज की तरह किन्नर समाज में भी जातिवाद होता हैं?
माई मनीषा महंत - बिल्कुल! किन्नर समाज में भी जातिवाद होता है ओर भेदभाव भी बराबर होता है। लेकिन वो बात अलग है कि गुरू-शिष्य परंपरा के कारण कोई इसके खिलाफ आवाज नहीं उठा सकता। और अगर इसके खिलाफ उठाकर कानून का दरवाजा खटखटा भी दे तो पुलिस कोई उचित जांच नहीं करती। इसलिए मैं बिल्कुल सच से मुँह नहीं मोड़ सकती,ऐसा हमेशा से होता आया है। बेशक कोई किन्नर समुदाय समाज इससे कितना भी मुँह मोड़ने का नाटक कर ले।
19. मिलन बिश्नोई - किन्नर समाज में बधाई देना,रेल में भीख मांगना, पूजा ...इत्यादि काम को किस आधार पर बाँटा जाता है ?
माई मनीषा महंत - किन्नर समाज में काम बाँटने जैसी कोई बात नहीं होती, हाँ गुरु-शिष्य परम्परा के अधीन कार्यक्षेत्र जरूर बांटा जाता है। बिल्कुल उसी आधार पर जैसे कोई पुत्र अपने  पिता की संपत्ति के आधार पर जैसे कोई आपस में बाँटते हैं। पूजा-पाठ अपनी आस्था ओर मान्यताओं के हिसाब से करते है।
20. मिलन बिश्नोई - किन्नरों की संपति का बँटवारा किस आधार पर होता है?
माई मनीषा महंत - किन्नरों की संपत्ति का बंटवारा आम लोगों की तरह ही होता है,जितनी इंसान की संतान होती है उतनी संपत्ति उनकी संतान को बराबर हिस्सों में बाँटकर दी जाती है। वैसे ही गुरू के जितने शिष्य होगें उसी हिसाब से संपत्ति सब चेलों में बराबर बाँट दी जाती है वैसे भी संपत्ति के नाम पर किन्नरों के पास बस वो इलाका होता है, जिसमें वे सब बधाई वगैरह माँगने के लिए जाते है। तो बस उसे आपस में बराबर बांट लेते है।

21. मिलन बिश्नोई - आप अक्सर कहती रहती है कि मैं अभी बधाई लेने जा रही हूँ तो क्या आप अपनी बधाई का हिस्सा गुरु को भी देती है?
माई मनीषा महंत - हाँ! बिल्कुल,अपनी कमाई का कुछ हिस्सा गुरु को भी देते हैं,लेकिन स्वेच्छा से देते हैं। कुछ गुरु जबरदस्ती अपने चेले से कुछ हिस्सा लेते है, हालांकि कहीं-कहीं ऐसी घटना भी सामने आती है कि गुरु चेले से कुछ अधिक माँग करते है।लेकिन मैं मानती हूँ कि गुरु को कुछ हिस्सा देना, उनको सम्मान देने के बराबर होता है।क्योंकि वृद्धावस्था में गुरु चेले के द्वारा  दिए जाने वाले रूपयों पर ही निर्भर होती है,जिससे वो अपनी दवाई और बाकी जरूरतों को पूरा करती है।
22. मिलन बिश्नोई- जैसे महिला और पुरूष के लिए अलग-अलग विशेषज्ञ होते हैं इस तरह अस्पताल में आपके किन्नर समाज के लिए भी कोई अलग सुविधाएं उपलब्ध है?
माई मनीषा महंत -  नही! अस्पताल में अलग से कोई सुविधा नहीं मिलती और कई बार डॉक्टर हमें गंभीरता से भी नहीं लेते और इलाज करते हुए भी कतराते हैं।

23. मिलन बिश्नोई- किन्नर समाज में किस प्रकार के अनुशासन और दण्ड का प्रावधान हैं इसके बारें में थोड़ा जानना चाहती हूँ?
माई मनीषा महंत- अनुशासन हर किन्नर डेरे में अलग-अलग तरीके से लागू किए जाते हैं और उनमें नियम एवं स्थिति अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन दण्ड का प्रावधान एक जैसा ही है। बस ये इस बात पर निर्भर करता है कि अपराधी ने अपराध कैसा किया है,कुछ अपराध में मात्र रूपयों का दण्ड देकर अपराधी को माफ कर दिया जाता है। वहीं कुछ अपराधों में सामाजिक बहिष्कार भी कर दिया जाता है या उसे अपने डेरे से निकाल देते है।
24. मिलन बिश्नोई- जैसे लड़कियो के लिए कुछ स्कूल अलग होते है तो क्या आप नहीं चाहते कि इस तरह किन्नर बच्चों को भी अलग शिक्षा दी जाए।यानि आप वर्तमान में किन्नर बच्चों की शिक्षा को लेकर सरकार से क्या अपेक्षाएं रखते हैं?
माई मनीषा महंत - हम किन्नर बच्चों के भविष्य,शिक्षा एवं सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर हैं, लेकिन अलग स्कूल-कॉलेज के खिलाफ हैं। हम चाहते हैं कि किन्नर समाज मुख्यधारा से जुड़े। लेकिन आप अगर उन्हें सबसे अलग रख कर शिक्षा और सहूलतें देगें तो आप आम लोगों एवं किन्नरों के तालमेल बैठाने की बजाय उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से अलग कर देगें। जो कि पहले से ही किन्नर समाज की मुख्यधारा से कटा हुआ है, इसलिए अलग स्कूल, कॉलेज बनाने के बजाय, किन्नरों को आम बच्चों के साथ ही शिक्षा दी जाए,ताकि सब एक-दूसरे को आपस में समझ पाएं और एक-दूसरे की भावनाओं को समझ सकें। बस सरकार से मांग है कि किन्नरों को शिक्षा से जोड़ने के लिए अधिक से अधिक और प्रयास किए जाए|
25. मिलन बिश्नोई- अंतिम सवाल के साथ आप साहित्यकारों और शोधार्थियों को क्या संदेश देना चाहती है?
माई मनीषा महंत- साहित्यकारों एवं शोधार्थियों से मेरा यही कहना है कि मात्र डिग्री ओर प्रोजेक्ट पूरा करने एवं किताबें लिखने तक सीमित ना रहे, बल्कि चाहे सामाजिक या कानूनी कोई भी लड़ाई हो। आप किन्नरों को उसमें सहयोग करें एवं सरकार को उनकी मानसिक,सामाजिक,शारीरिक और आर्थिक स्थिति के बारें में अवगत करवाएं, क्योंकि किन्नरों से ज्यादा किन्नर समाज को आप जानते हैं आपने उनकों शब्दों में जिया भी है और शब्दों में समाया भी है।